जरुरी जानकारी | रिन्यू पावर वित्त वर्ष 2025-26 तक 44,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी: सीईओ सुमंत सिन्हा

मुंबई, छह नवंबर हरित ऊर्जा कंपनी रिन्यू पावर के चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुमंत सिन्हा ने सोमवार को कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2025-26 तक 9,000 मेगावाट क्षमता जोड़ने के लिये 44,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

उन्होंने कहा कि कंपनी पवन और सौर ऊर्जा दोनों में निवेश पर विचार कर रही है। इसके लिये प्रति मेगावाट करीब 5.5 करोड़ रुपये निवेश की जरूरत होगी। कंपनी की मौजूदा क्षमता 9,500 मेगावाट है।

सिन्हा ने कहा कि कंपनी ने 5,500 मेगावाट क्षमता की परियोजनाओं के लिये बिजली खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। ये परियोजनाएं वित्त वर्ष 2024-25 के अंत तक चालू हो जाएंगी। जबकि अन्य 3,500 मेगावाट के मामले में कंपनी ने बोलियां तो जीत ली है, लेकिन बिजली खरीद समझौते पर हस्ताक्षर होना अभी बाकी है।

उन्होंने कहा कि सौर क्षमता स्थापित करने में प्रति मेगावाट लगभग चार करोड़ रुपये और पवन ऊर्जा के लिये सात करोड़ रुपये से अधिक लगते हैं। हमने दोनों के बीच 40:60 का मिश्रण रखा है। इस आधार पर नई क्षमता की प्रति मेगावाट औसत लागत पांच करोड़ रुपये प्रति मेगावाट से अधिक होगी।

सिन्हा ने अपनी पुस्तक ‘फॉसिल फ्री’ (जीवाश्म ईंधन मुक्त) का दूसरे संस्करण पेश किये जाने के बाद कहा, ‘‘कुल मिलाकर हमारी लगभग 44,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है।’’

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कंपनी घरेलू स्तर पर कर्ज लेना पसंद कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)