जरुरी जानकारी | रिलायंस नेवल एण्ड इंजीनियरिंग के कर्जदाताओं ने कंपनी को बेचने के लिये रुचि पत्र आमंत्रित किये

नयी दिल्ली, एक जून अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस नेवल एण्ड इंजीनियरिंग लिमिटेड (आएनईएल) के कर्जदाताओं ने दिवाला एवं रिण शोधन अक्षमता संहिता के तहत कंपनी को बेचने के लिये इच्छुक खरीदार कंपनियों से रुचि पत्र आमंत्रित किये हैं।

राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की अहमदाबाद पीठ ने 15 जनवरी को आरएनईएल को दिवाला प्रक्रिया के तहत लाने की अनुमति दी थी।

यह भी पढ़े | Mann Ki Baat Highlights: पीएम मोदी ने कहा, अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा खुला, अब ज्यादा सावधानी की जरूरत.

दिवाला प्रक्रिया के तहत नियुक्त समाधान पेशेवर (आरपी) के रुचि प्रकटन संबंधी नोटिस में कहा गया है कि रुचि पत्र (ईओआई) सौंपने की अंतिम तिथि 27 जून होगी। इसके बाद संभावित समाधान आवेदकों की अंतिम सूची 17 जुलाई को जारी की जायेगी।

नोटिस में कहा गया है कि कम से कम 600 करोड़ रुपये का नेटवर्थ रखने और समूह की स्तर पर कम से 2,000 करोड़ रुपये का एकीकृत कारोबार करने वाली कंपनी ही प्रक्रिया में भाग ले सकेगी।

यह भी पढ़े | कोरोना संकट के चलते हरियाणा ने सील किए सभी बॉर्डर, दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर लगा लोगों का जमावड़ा- देखें तस्वीरें.

यदि कोई वित्तीय संस्थान अथवा निजी इक्विटी निवेशक इसमें रुचि दिखाता है तो उसके लिये न्यूनतम 1,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां प्रबंधन के तहत होना आवश्यक होगा।

कंपनी पर बकाया 43,587 करोड़ रुपये की वसूली के लिये इसकी बिक्री की जा रही है। समाधान पेशेवर ने इस राशि मं से 10,878 करोड़ रुपये वित्तीय रिणदाताओं के बकाये होने की बात स्वीकार की है जबकि शेष 32,693 करोड़ रुपये के बकायेदारों की पुष्टि का काम जारी है।

विश्लेषकों के मुताबिक आरएनईएल में जारी दिवाला प्रक्रिया का इसकी प्रवर्तक कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर (आरइंफ्रा) पर कोई असर नहीं होगा। मार्च 2019 को समाप्त वित्त वर्ष के लिये आडिट खातों को अंतिम रूप देते हुये रिलायंस इंफ्रा ने आएनईएल में अपने निवेश का पहले ही प्रावधान कर लिया था।

बहरहाल, आएनईएल के प्रवक्ता ने इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)