देश की खबरें | छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा

बालोद (छत्तीसगढ़), 20 जून जिले के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक के खिलाफ छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगने पर शिक्षा विभाग ने उसे निलंबित करने की अनुशंसा की है। जिले के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा।

जिला जनसंपर्क कार्यालय बालोद द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कलेक्टर जनमेजय महोबे ने गुरूर विकासखण्ड के एक शासकीय हाईस्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटना पर तत्काल संज्ञान लिया और जांच समिति गठित कर त्वरित कार्यवाही का निर्देश दिया है।

विज्ञप्ति के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए गठित समिति में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गुरूर, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गुरूर और तहसीलदार गुरूर शामिल है। उन्होंने शासकीय हाईस्कूल में जांच की थी।

विज्ञप्ति के अनुसार, जांच में छात्र-छात्राओं और व्याख्याताओं के बयान लिए गए, जिसमें व्याख्याता कैलाश कुमार साहू को प्रथम दृष्टया छेड़छाड़ का दोषी पाया गया, जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए दोषी व्याख्याता के निलंबन की कार्यवाही के लिए संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ नवा रायपुर को पत्र लिखा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)