देश की खबरें | राशन आपूर्ति घोटाला मामला : अदालत ने बंगाल के मंत्री की ईडी हिरासत की अवधि बढ़ाई

कोलकाता, छह नवंबर कोलकाता की एक अदालत ने कथित राशन आपूर्ति घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार पश्चिम बंगाल के मंत्री ज्योति प्रिय मलिक की हिरासत सोमवार को सात दिनों के लिए बढ़ा दी।

मलिक के पास वर्तमान में वन विभाग है और वह खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भी रहे हैं।

ईडी ने मलिक को कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में 27 अक्टूबर को यहां साल्ट लेक स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था।

ईडी के वकील ने न्यायाधीश के समक्ष मलिक की हिरासत अवधि सात दिनों के लिए बढ़ाने का अनुरोध किया और दावा किया कि यद्यपि अदालत ने पहले 27 अक्टूबर को केंद्रीय एजेंसी को 10 दिनों की हिरासत दी थी, लेकिन वह प्रभावी रूप से सात दिनों के लिए ही उसकी हिरासत में थे, क्योंकि मलिक इस अवधि के दौरान तीन दिनों के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती रहे।

मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (प्रभारी) ने ईडी का अनुरोध स्वीकार किया और मंत्री को अगले सात दिनों के लिए उसकी हिरासत में भेज दिया।

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मलिक को 13 नवंबर को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)