देश की खबरें | राजस्थान: किशोरी से सामूहिक बलात्कार व बर्बर हत्या के मामले में दो व्यक्ति गिरफ्तार

कोटा(राजस्थान), 24 दिसंबर बूंदी जिले के एक जंगल में 15 वर्षीय एक किशोरी का निर्वस्त्र शव बरामद होने के 12 घंटे के अंदर पुलिस ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने इस सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सामूहिक बलात्कार व हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।

पुलिस ने बताया कि जिले में बसोली पुलिस थाना क्षेत्र के तहत किशोरी के गांव में खेतों से लगे जंगल में उसका शव बरामद हुआ था।

पुलिस ने बताया कि किशोरी का निर्वस्त्र शव जंगल में खून से लथपथ पाया गया था। उसका गला रेता हुआ, सिर कुचला हुआ था तथा शरीर पर दांत काटने के कई निशान थे।

उन्होंने बताया कि हालांकि, पुलिस घटना के प्रकाश में आने के 12 घंटे के अंदर दोषियों को गिरफ्तार करने में कामयाब रही। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुल्तान भील (27) और छोटूपाल भील (62) के तौर पर की गई है।

पुलिस ने बताया कि 200 पुलिसकर्मियों को तैनात कर और कई खोजी स्वान की मदद से रात भर इलाके में तलाश अभियान चलाए जाने के बाद शुक्रवार सुबह दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों व्यक्तियों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उन्होंने पड़ोस में रहने वाली किशोरी से बृहस्पतिवार शाम बलात्कार करने के बाद उसकी हत्या कर दी। घटना के वक्त किशोरी शौच के लिए घर से बाहर गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)