जयपुर, 24 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित मानगढ़ धाम जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मोदी के इस दौरे से पड़ोसी राज्य गुजरात में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव और राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पैठ मजबूत करने में मदद मिलेगी, खासतौर पर आदिवासी बहुल इलाकों में।
उन्होंने बताया कि मानगढ़ धाम गुजरात और मध्य प्रदेश की सीमा के नजदीक है और भाजपा को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का असर मध्य प्रदेश में भी होगा।
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से मानगढ़ धाम में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मानगढ़ धाम ब्रिटिश सेना द्वारा 1913 में नरसंहार के लिए जाना जाता है जिसमें गोविंद गुरु के नेतृत्व में लगभग 1500 आदिवासियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा कार्यक्रम के दौरान कुछ घोषणाएं करने की उम्मीद है।
हालांकि, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से कुछ दिन पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री से मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा घोषित करने का आग्रह किया है। गहलोत ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है।
केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मानगढ़ धाम में गुमनाम नायकों को सम्मान देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मेघवाल ने सोमवार को ‘पीटीआई-’ को बताया कि “प्रधानमंत्री का एक नवंबर को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ऐतिहासिक स्थान- मानगढ़ धाम का दौरा करने का कार्यक्रम है। 1913 में 1500 आदिवासियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी और यह समय उन्हें सम्मान और आदर देने का है और प्रधानमंत्री उसी के लिए मानगढ़ धाम का दौरा कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY