देश की खबरें | राजस्थान: पूर्व भाजपा सांसद सोनाराम चौधरी कांग्रेस में लौटे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिग्गज नेता और पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कर्नल (सेवानिवृत्त) सोनाराम चौधरी रविवार को कांग्रेस में लौट आये।

जयपुर, पांच नवंबर दिग्गज नेता और पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कर्नल (सेवानिवृत्त) सोनाराम चौधरी रविवार को कांग्रेस में लौट आये।

चौधरी 2014 के आम चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे और बाड़मेर संसदीय सीट से चुनाव लड़े थे। वह आज फिर से कांग्रेस में शामिल हो गये।

उन्होंने 2014 में बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने वाले भाजपा के दिग्गज नेता जसवंत सिंह को हराया था।

हालांकि, 2019 के चुनाव में भाजपा ने सोनाराम को टिकट नहीं दिया और कैलाश चौधरी को मैदान में उतारा, जो अब केंद्रीय राज्य मंत्री हैं।

इसके बाद, चौधरी ने भाजपा से दूरी बनानी शुरू कर दी और रविवार को वह औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो गए।

उन्होंने दिन में दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की और जयपुर लौटकर पार्टी में शामिल हुये।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया, “कर्नल सोनाराम चौधरी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया है।”

पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्हें बाड़मेर की गुढामलानी विधानसभा सीट से टिकट मिलने की संभावना है, जो वर्तमान में वन मंत्री हेमाराम चौधरी के पास है।

हेमाराम ने चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जताई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now