देश की खबरें | राजा रघुवंशी हत्याकांड : सोनम के मायके के बाहर सन्नाटा, दोषियों के लिए सजा-ए-मौत चाहते हैं पड़ोसी

इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 जून इंदौर के गोविंद नगर खारचा इलाके की एक संकरी गली में सोनम रघुवंशी के मायके के उस घर के बाहर इन दिनों सन्नाटा पसरा है जो महीना भर पहले रिश्तेदारों की आवाजाही के बीच शादी की रौनक से गुलजार था।

सोनम (25) को मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी (29) की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

सोनम पर आरोप है कि उसने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा (20) के साथ मिलकर भाड़े के तीन हत्यारों के जरिये अपने पति की हत्या कराई ताकि उसे रास्ते से हटाया जा सके।

राजा रघुवंशी हत्याकांड के पांचों आरोपी फिलहाल मेघालय पुलिस की हिरासत में हैं जिनसे पूछताछ के जरिये इस वारदात की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

चश्मदीदों ने बताया कि देश भर में चर्चा का केंद्र बने इस मामले में सोनम की गिरफ्तारी के बाद उसके मायके के घर का दरवाजा अधिकांश समय बंद रहता है।

राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस के खुलासे के बाद सोनम के मायके के आस-पास रहने वाले लोगों को शुरुआत में हैरानी हुई। हालांकि, जैसे-जैसे इस मामले की परतें खुलती जा रही हैं, इस वारदात को लेकर उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

सोनम के परिवार को पिछले कई बरस से जानने वाले विनोद श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-’ से कहा,‘‘राजा रघुवंशी के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। रघुवंशी हत्याकांड की जो कहानी सामने आई है, उससे हमारे इलाके का नाम खराब हुआ है। मैं चाहता हूं कि इस मामले के सभी दोषियों को सजा-ए-मौत दी जाए ताकि आइंदा कोई ऐसे जुर्म को अंजाम देने की जुर्रत न कर सके।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)