देश की खबरें | पुरी ने नगालैंड के तुएनसांग का दौरा किया, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों से बातचीत की

कोहिमा, चार नवंबर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को नगालैंड के तुएनसांग जिले का दौरा किया और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों से बातचीत की।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि तुएनसांग में उज्ज्वला योजना के इतने सारे लाभार्थियों को देखकर उन्हें खुशी हुई।

ग्रामीण और वंचित गरीब परिवारों को रसोई गैस उपलब्ध कराने के लिए, सरकार ने गरीब घरों की वयस्क महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन प्रदान करने के लिए मई 2016 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शुरू की थी।

पुरी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान, केंद्र ने कई योजनाएं शुरू कीं, जिससे देश के लोगों, विशेषकर महिलाओं, के जीवन स्तर में सुधार हुआ।

बयान के अनुसार, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रहे पुरी ने कहा कि वह तुएनसांग शहर में शॉपिंग मॉल और पार्किंग परियोजना शुरू करेंगे।

यात्रा के दौरान, उनके साथ राज्य के आवास मंत्री बाशांगमोंगबा चांग, ​​युवा संसाधन और खेल सलाहकार केओशु यिमखिउंग, विधायक इम्तिचुबा और बेनी एम लाम्थिउ तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बेंजामिन येपथोमी भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)