देश की खबरें | पंजाब: सतर्कता ब्यूरो ने अनाज ढुलाई निविदा घोटाले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

लुधियाना, छह नवंबर पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने सोमवार को कहा कि उसने करोड़ों रुपये की अनाज ढुलाई निविदा घोटाले में एक आरोपी को यहां अदालत में उसके आत्मसमर्पण करने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि अदालत ने परमजीत चेची को सतर्कता ब्यूरो की तीन दिन की हिरासत में भेज दिया।

चेची पूर्व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भरत भूषण आशु से जुड़ा था जो मामले में एक आरोपी हैं।

ब्यूरो के अनुसार, चेची ने कार, स्कूटर आदि के पंजीयन नंबर वाले वाहनों की सूची सहित निविदा दस्तावेज सौंपे थे। उन्हें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से जगरांव क्लस्टर में अनाज मंडी के लिए निविदा मिली थी।

जांच के दौरान, यह पाया गया कि ये पंजीयन नंबर और अनाज के भंडारण के लिए जारी किए गए ‘गेट पास’ फर्जी हैं।

पिछले साल, ब्यूरो ने कांग्रेस नेता आशु को घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)