नयी दिल्ली, 19 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद मेनका गांधी ने मंगलवार को कहा कि उन्हें उस क्षण का हिस्सा बनने पर गर्व होगा जब सरकार महिलाओं को ‘भारत के भविष्य में समान हिस्सेदारी’ देगी।
पूर्व में महिला एवं बाल विकास मंत्री रह चुकीं मेनका गांधी ने सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की ताकत और जन-धन तथा उज्ज्वला जैसी सामाजिक योजनाओं के बारे में बात की।
भारत की संसद की समृद्ध विरासत के उपलक्ष्य में केंद्रीय कक्ष में आयोजित एक समारोह में मेनका गांधी ने कहा, ‘‘मुझे इस क्षण का हिस्सा बनने पर गर्व है, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने विषमताओं को दूर करने और हम सभी महिलाओं को भारत के भविष्य में समान हिस्सेदारी देने का बीड़ा उठाया है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोगों को केवल आंकड़ों के रूप में नहीं देखते हैं, बल्कि उन्हें उनकी जरूरतों के आलोक में देखते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बैंक खाते खोलना, शौचालय बनाकर सम्मान देना, नल से जल की सुविधा पहुंचाना, गरीबों के लिए आवास बनाना, गैस सिलेंडर, युवाओं को ऋण देना, उन्हें कुशल बनाना, महामारी के दौरान उनकी रक्षा करना...।’’
लोकसभा की सबसे वरिष्ठ सांसद मेनका गांधी ने कहा कि उन्होंने अपने पति संजय गांधी के निधन के नौ साल बाद 32 साल की उम्र में संसद में प्रवेश किया और अपना अधिकांश जीवन इसी संसद भवन में बिताया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सात प्रधानमंत्रियों को देखा है और यहां मैंने भव्य इतिहास को आकार लेते हुए भी देखा है।’’
लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य मंगलवार को भारत की संसद की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने के वास्ते एक समारोह के लिए पुराने संसद भवन के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में एकत्र हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY