विदेश की खबरें | अमेरिका में पुलिस हिरासत में व्यक्ति की मौत पर मिनीपोलिस के बाहर भी प्रदर्शन, थाने में आगजनी

पुलिस के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि बृहस्पतिवार रात 10 बजे के बाद ‘‘अपने कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए’’ प्रेसिंक्ट थाने को खाली कर दिया गया था।

प्रदर्शनकारी एक वीडियो में थाने में घुसते और इमारत को आग लगाते दिखाई देते हैं।

यह भी पढ़े | भारत के बाद चीन ने भी ठुकराया डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता का प्रस्ताव, कहा- तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप की जरुरत नहीं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थिति को लेकर टिप्पणी की कि मिनीपोलिस में ‘‘नेतृत्व का पूरी तरह अभाव’’ है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अभी गवर्नर टिम वाल्ज से बात की और उनसे कहा कि सेना उनके साथ है। जब लूटपाट शुरू होती है तो गोलीबारी शुरू होती है।’’

यह भी पढ़े | पाकिस्तान में COVID-19 के मामले 64,000 के पार, संक्रमण से हुई मृतकों की संख्या 1,317.

जॉर्ज फ्लोयड नाम के हथकड़ी लगे एक अश्वेत व्यक्ति की गर्दन पर श्वेत पुलिस अधिकारी द्वारा घुटना रखे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी रोष है। वीडियो में दिख रहा है कि अधिकारी कम से कम आठ मिनट तक अपने घुटने से व्यक्ति की गर्दन दबाए रखता है। इस दौरान व्यक्ति सांस रुकने की बात कहता नजर आता है।

गत सोमवार को हुई घटना के वीडियो में दिखता है कि व्यक्ति का हिलना-डुलना और बोलना बंद हो जाने पर भी पुलिस अधिकारी डेरेक चाउविन अपना घुटना नहीं हटाता।

यह वीडियो एक राहगीर ने बनाया था।

फ्लोयड की मौत के बाद लगातार तीसरी रात भी हिंसक प्रदर्शन हुए। ट्विन सिटीज क्षेत्र में दर्जनों कारोबारी प्रतिष्ठानों ने लूटपाट से बचने के लिए बृहस्पतिवार को अपने खिड़की और दरवाजे बंद रखे। अमेरिकी कंपनी टार्गेट ने अपने दो दर्जन स्टोर को अस्थायी रूप से बंद रखने की घोषणा की।

मिनीपोलिस में सुरक्षा चिंताओं के चलते रेल और बस सेवाएं बाधित हुई हैं। सेंट पॉल में धुएं का गुबार उठता देखा गया। कई जगह लगाई गई आग को बुझाने के लिए दमकल दस्तों को मशक्कत करनी पड़ी।

प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कड़ी नजर रख रही है।

टार्गेट कंपनी के एक प्रतिष्ठान के बाहर अधिकारी खड़े नजर आए जो प्रदर्शनकारियों को दूर रखने की कोशिश कर रहे थे। हिंसा पर उतारू प्रदर्शकारी अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों के शीशों को तोड़ते नजर आए।

सैकड़ों प्रदर्शनकारी बृहस्पतिवार को मिनीपोलिस के पास उस स्थान पर फिर से पहुंच गए जो हिंसा का केंद्र बनकर उभरा है। सारी रात इस जगह पर हंगामा होता रहा।

मिनीपोलिस में दूसरी तरफ हजारों लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी किया और न्याय की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)