देश की खबरें | त्रिपुरा में उपचुनाव के लिए प्रचार थमा, 23 को मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा की चार विधानसभा सीट पर 23 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार मंगलवार को थम गया।
अगरतला, 21 जून त्रिपुरा की चार विधानसभा सीट पर 23 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार मंगलवार को थम गया।
उपचुनाव के तहत बृहस्पतिवार को अगरतला, टाउन बारदोवाली, जुबराजनगर और सूरमा सीट पर मतदान होगा।
जिलाधिकारी (पश्चिम) देबप्रिय बर्धन ने कहा, “स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं। जिन सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं, वहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।”
अगरतला सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन पर 19 जून को हुए हमले को छोड़कर, प्रचार काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा। मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने एक रोड शो में हिस्सा लिया।
पूर्व मंत्री बर्मन ने लोगों से सभी "खतरों और खौफ" को धता बताकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने की अपील की। रोड शो में टाउन बारदोवाली से कांग्रेस प्रत्याशी आशीष साहा भी मौजूद थे।
टाउन बारदोवाली सीट से उपचुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री माणिक साहा और पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने अगरतला में भाजपा के रोड शो का नेतृत्व किया।
माकपा ने अपने उम्मीदवारों कृष्णा मजूमदार (अगरतला) और रघुनाथ सरकार (टाउन बारदोवाली) के पक्ष में बाइक रैली का आयोजन किया।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सभी चार सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। उसने भी राज्य की राजधानी में एक रोड शो किया।
उपचुनाव में कुल 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। चार निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,88,854 लोग मतदान करने के पात्र हैं। मतों की गिनती 26 जून को होगी।
अगरतला और टाउन बारदोवाली सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है, क्योंकि इन सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते सुदीप रॉय बर्मन और आशीष साहा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए।
सूरमा सीट से भाजपा विधायक आशीष दास के पार्टी के खिलाफ बगावत करने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिस वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
माकपा विधायक रमेंद्र चंद्र देवनाथ के निधन के कारण जुबराजनगर सीट पर उपचुनाव कराना पड़ रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)