बेल्लारी (कर्नाटक), 22 अक्टूबर दीवाली के त्योहारी मौसम में निजी परिवहन सेवा प्रदाताओं द्वारा जरूरत से ज्यादा किराया वसूल कर यात्रियों को लूटने की शिकायतें मिलने के बाद कर्नाटक के परिवहन मंत्री बी. श्रीरामुलु ने शनिवार को चेताया कि ऐसा करने वालों की परमिट रद्द कर दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि इस संबंध में औचक जांच के लिए कार्यबल का गठन किया गया है और अभी तक उल्लंघन के 60 मामले मिले हैं।
श्रीरामुलु ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘त्योहार के दौरान बसों, ऑटो और अन्य परिवहन साधनों में यात्रा करने वालों से जो सेवा प्रदाता ज्यादा किराया वसूल रहे हैं, उनके परमिट रद्द कर दिए जाएंगे।’’
यहां संवाददाताओं से बातचीत में मंत्री ने कहा कि इसके लिए पहले से कार्यबल काम कर रहा है और अधिकारी भी औचक निरीक्षण करके सुनिश्चित कर रहे हैं कि यात्रियों को परेशान ना किया जाए।
यह बताने पर कि सभी त्योहारों के दौरान जरूरत से ज्यादा किराया वसूला जाना सामान्य बात हो गयी है, मंत्री ने कहा कि पिछली बार ऐसे उल्लंघनों के संदर्भ में करीब 110 मामले दर्ज किए गए थे और इस बार 60 मामले दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जरूरत से ज्यादा किराया वसूलने वालों को कड़ा संदेश देने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY