देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे कार्यकाल की विकास यात्रा लोगों के साथ साझा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लोगों से एक दस्तावेज साझा किया, जिसमें उनके दूसरे कार्यकाल के दौरान विकास यात्रा, सशक्तिकरण और सेवा का विवरण दिया गया है।
नयी दिल्ली, 30 मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लोगों से एक दस्तावेज साझा किया, जिसमें उनके दूसरे कार्यकाल के दौरान विकास यात्रा, सशक्तिकरण और सेवा का विवरण दिया गया है।
प्रधानमंत्री पद पर अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ के मौके पर उनके द्वारा अपने ट्विटर अकाउंट और वेब पोर्टल पर साझा किये गये दस्तावेज में देश की प्रगति एवं विकास के लिये उनकी सरकार द्वारा उठाये गये कदमों का ब्योरा दिया गया है।
यह दस्तावेज 15 शीर्षकों में विभक्त है, जिसमें कारोबार को आसान बनाने, भ्रष्टाचार खत्म करने और कोरोना वायरस के खिलाफ देश की लड़ाई जैसे शामिल है।
मोदी ने दस्तावेज के साथ ट्वीट किया, ‘‘विकास यात्रा देखिये, जो विकास, सशक्तिकरण और सेवा की हमारी सामूहिक यात्रा की झलक पेश करता है। ’’
यह भी पढ़े | कोरोना वायरस को लेकर कर्नाटक सरकार का बड़ा फैसला, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू खाकर थूकने पर लगाया प्रतिबंध.
दस्तावेज के परिचय में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 का चुनाव जीता और कहीं अधिक बड़े जनादेश तथा लोगों के व्यापाक समर्थन के साथ फिर से सत्ता में आए। यह जनादेश कहीं अधिक बड़ा था, जो लोकतांत्रिक समाजों में एक दुर्लभ चीज है। यह जनादेश पहले के वादों को पूरा करने के साथ भविष्य का खाका और न्यू इंडिया के लिये पेश की गई प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि को लेकर मिला।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘मोदी 2.0 (केंद्र में मोदी सरकार का दूसरा कार्यकाल) से प्रथम कार्यकाल से भी कहीं अधिक बड़ी उम्मीदें हैं।’’
दस्तावेज में कहा गया है, ‘‘लोगों से अपार समर्थन मिलने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और सरकार ने पहले ही दिन से बड़े सुधार कार्य करने और बड़े फैसले लेने शुरू किये।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘जम्मू कश्मीर और लद्दाख के लिये एक नयी सुबह सुनिश्चित करने से लेकर एतिहासिक कॉरपोरेट कर कटौती करने, किसानों एवं व्यापारियों को पेंशन देकर सशक्त करने से लेकर अयोध्या मुद्दे का शांतिपूर्ण हल करने के साथ मोदी 2.0 शुरू हुआ। ’’
दस्तावेज के परिचय में कहा गया है कि विकास यात्रा मॉड्यूल नरेंद्र मोदी वेबसाइट का हिस्सा है और इसे नये ब्योरे के साथ अद्यतन किया गया है
कारोबार को आसान करने के शीर्षक वाले दस्तावेज में कहा गया है कि कारोबार को आसान करने में भारत की ऐतिहासिक वृद्धि उन नीतियों पर आधारित है जिसमें लाल फीताशाही की जगह भव्य स्वागत ने ले ली है।
कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ देश की लड़ाई विषय पर दस्तावेज में कहा गया है कि कोविड-19 के खिलाफ शुरूआती कदमों, निर्णायक लॉकडाउन, मेडिकल बुनियादी ढांचा बढ़ाना, भारत को विश्व का सबसे बड़ा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) निर्माता बनाना, गरीब हितैषी कई उपाय करना और संरचनागत सुधारों के जरिये मोदी सरकार ने इस महामारी के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व किया।
दस्तावेज में कहा गया है कि मोदी सरकार के सुधार और साहसिक फैसलों ने भारत को तेजी से बढ़ने वाला अर्थव्यवस्था बनाया।
इसमें कहा गया है कि चाहे वह विदेश नीति हो, या राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा, मोदी सरकार ने हमेशा ही भारत को आगे रखने में यकीन किया है।
दस्तावेज में कहा गया है कि सबों को स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने में मोदी सरकार के कार्य में कुछ ऐतिहासिक कदम उठाये गये।
‘भ्रष्टाचार उन्मूलन’ पर दस्तावेज में एक अलग खंड है, जिसमें कहा गया है कि मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ऐतिहासिक लड़ाई का नेतृत्व किया और अब ईमानदारी को महत्व दिया जाता है एवं पारदर्शिता नियम बन गई है।
मोदी ने देशवासियों को एक खुला पत्र लिख कर भी अपनी सरकार की दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ मनाई।
पत्र में उन्होंने कहा, ‘‘मेरे प्रिय स्नेहीजन, आज से एक साल पहले भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ा। देश में दशकों बाद पूर्ण बहुमत की किसी सरकार को लगातार दूसरी बार जनता ने ज़िम्मेदारी सौंपी थी। इस अध्याय को रचने में आपकी बहुत बड़ी भूमिका रही है। ऐसे में आज का यह दिन मेरे लिए, अवसर है आपको नमन करने का, भारत और भारतीय लोकतन्त्र के प्रति आपकी इस निष्ठा को प्रणाम करने का।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)