नयी दिल्ली, सात नवंबर लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झूठ का सहारा लेकर उन्हें और उनकी पार्टी को दलित विरोधी बताया है।
उन्होंने दावा किया कि न तो वह और न ही कांग्रेस दलित विरोधी है, बल्कि प्रधानमंत्री खुद दलित लोगों का सम्मान नहीं करते।
प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश के सीधी में एक चुनावी सभा में मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन्हें गाली देना कभी नहीं भूलती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन्हें गाली देते-देते ओबीसी को गाली देने लगती है और पार्टी ने कभी एससी, एसटी और ओबीसी का उत्थान नहीं किया।
मोदी ने कहा, ”पार्टी पहले से निमंत्रण मिलने के बावजूद देश के पहले दलित मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हुई। "
चौधरी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "यह जानकर स्तब्ध हूं कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी झूठ का सहारा लेकर मुझ पर दलित विरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं।''
उन्होंने कहा, "तीन नवंबर को दोपहर 12 बजे तक इंतजार करने के बाद, मैं डीओपीटी को जल्द से जल्द बैठक बुलाने का सुझाव देकर कोलकाता के लिए रवाना हुआ।"
चौधरी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह को लिखे एक पत्र का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि उन्हें विश्वास में लिए बिना और अंधेरे में रखकर कर सीआईसी (मुख्य सूचना आयुक्त) चयन समिति ने मनमाना निर्णय ले लिया।
उन्होंने कहा, "माननीय प्रधानमंत्री कृपया अपने आप से पूछें कि सच्चाई क्या है? क्या आप भगवान राम की शपथ खाकर कह सकते हैं कि - जो मैं आपको बता रहा हूं वह गलत है? "
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, "मोदी जी, न तो मैं और न ही मेरी पार्टी दलित विरोधी है, बल्कि आप केवल दलित शोषक हैं, उनका सम्मान नहीं करते।"
उन्होंने दावा किया, "जब चुनाव आता है तो मोदी जी को केवल दलित ही याद आते हैं और वोट के लिए उन्हें धोखा देने का काम शुरू हो जाता है।"
इससे पहले, मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) की नियुक्ति से संबंधित चयन समिति के सदस्य चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर कहा था कि सीआईसी के चयन की प्रक्रिया को लेकर उन्हें अंधेरे में रखा गया।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि सभी लोकतांत्रिक मानदंडों, परंपराओं और प्रक्रियाओं की धज्जियां उड़ा दी गईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY