भुवनेश्वर, सात नवंबर केंद्रीय मंत्री बिशेश्वर टुडू ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर से ओडिशा में अपने गृह जिले मयूरभंज की दो दिवसीय यात्रा पर आ सकती हैं।
जनजातीय और जल शक्ति मामलों के राज्य मंत्री टुडू यहां भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और एकलव्य मॉडल स्कूल से संबंधित केंद्र सरकार की कुछ परियोजनाओं की समीक्षा करने के लिए आए थे।
उन्होंने कहा, "चूंकि राष्ट्रपति राज्य का दौरा करेंगी, हम मयूरभंज में एकलव्य मॉडल स्कूल का उद्घाटन करने की योजना बना रहे हैं। दिसंबर के अंत तक जिले में ऐसे कुछ और स्कूल खोले जाएंगे। अन्य जिलों में भी काम प्रगति पर है।"
टुडू के करीबी सूत्रों ने बताया कि यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के अपने पैतृक स्थान रायरंगपुर और बादामपहाड़ जाने की संभावना है।
हालांकि, ओडिशा सरकार ने कहा कि उसे राष्ट्रपति मुर्मू की संभावित यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
इससे पहले, रायरंगपुर से विधायक नबा चरण माझी ने मीडिया को बताया था कि राष्ट्रपति 20 नवंबर को बारीपदा में अखिल भारतीय संथाली लेखक सम्मेलन में भाग ले सकती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY