देश की खबरें | राष्ट्रपति कोविंद गोवा पहुंचे, राज्य के मुक्ति दिवस समारोह में भाग लेंगे
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पणजी, 19 दिसंबर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शनिवार को गोवा पहुंचे जहां वह राज्य के 60वें मुक्ति दिवस समारोह में भाग लेंगे।

दक्षिण गोवा के डेबोलिम हवाई अड्डे पर कोविंद के पहुंचने पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति भवन ने एक ट्वीट में कहा कि राष्ट्रपति 60वें गोवा मुक्ति दिवस समारोहों के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

गोवा को 19 दिसंबर, 1961 को पुर्तगाली शासन से मुक्त कराया गया था।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि कोविंद काबो राज निवास में ठहरेंगे जो डोना पाउला में गोवा के राज्यपाल का आधिकारिक आवास है।

राष्ट्रपति शाम को पणजी के आजाद मैदान में गोवा मुक्ति संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह गोवा मुक्ति दिवस समारोह में शिरकत करेंगे।

वह डी बी बंदोडकर मैदान में आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)