जरुरी जानकारी | ओसवाल पंप्स के आईपीओ को पहले दिन अब तक 17 प्रतिशत अभिदान मिला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ओसवाल पंप्स के 1,387 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पेशकश के पहले दिन शुक्रवार को अब तक 17 प्रतिशत अभिदान मिला है।
नयी दिल्ली, 13 जून ओसवाल पंप्स के 1,387 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पेशकश के पहले दिन शुक्रवार को अब तक 17 प्रतिशत अभिदान मिला है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक, अपराह्न 2.44 बजे तक आईपीओ को 26,97,624 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। इस निर्गम में कुल 1,62,12,980 शेयरों की पेशकश की गई है।
आईपीओ के लिए 584-614 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा रखा गया है। यह निर्गम 17 जून को बंद होगा।
कंपनी का आईपीओ 890 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयरों और प्रवर्तक विवेक गुप्ता द्वारा 81 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है। इस तरह निर्मग का कुल आकार 1,387.34 करोड़ रुपये है।
आईपीओ खुलने से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को कंपनी ने प्रमुख (एंकर) निवेशकों से 416 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए।
नए निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग कंपनी के कुछ पूंजीगत व्ययों के वित्तपोषण, ऋण या इक्विटी के रूप में पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी ओसवाल सोलर में निवेश, हरियाणा के करनाल में नई विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने, ऋण का भुगतान करने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
ओसवाल पंप्स ने वर्ष 2003 में मोनोब्लॉक पंपों का निर्माण करके परिचालन शुरू किया था। पिछले कुछ वर्षों में इसने ग्रिड से जुड़े सबमर्सिबल पंप और इलेक्ट्रिक मोटरों के निर्माण में भी कदम रखा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)