देश की खबरें | राज्य के स्पष्टीकरण की जरूरत वाले या अदालत में विचाराधीन विधेयक ही लंबित हैं : बंगाल के राज्यपाल

कोलकाता, आठ नवंबर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने बुधवार को कहा कि राजभवन में कोई भी विधेयक लंबित नहीं है, सिवाय उन विधेयकों के जिन पर राज्य सरकार से स्पष्टीकरण की जरूरत है या जो अदालत में विचाराधीन हैं।

एक दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने राजभवन को भेजे गए 22 विधेयकों को मंजूरी देने के लिए अनुरोध किया था। इसके बाद ही राज्यपाल का यह बयान आया है।

बयान में कहा गया, ‘‘यह स्पष्ट है...कि 12 विधेयक राज्य सरकार से स्पष्टीकरण के लिए लंबित हैं; एक को माननीय राष्ट्रपति ने कुछ शर्तों के साथ सहमति दे दी है और दो अन्य माननीय राष्ट्रपति के विवेचन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।’’

इसमें कहा गया कि विश्वविद्यालयों से संबंधित सात अन्य विधेयक अदालत में विचाराधीन हैं।

बयान के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष के अनुरोध के बाद राजभवन में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि 2011 से कुल 22 विधेयक राजभवन में मंजूरी के लिये लंबित हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)