विदेश की खबरें | लेबनान में इजराइल के हवाई हमले में एक महिला और तीन बच्चों की मौत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से लेबनान सीमा पर इजराइली सैनिक और हिज्बुल्ला उग्रवादी आमने-सामने हैं।

दोनों पक्षों के बीच सीमित संघर्ष हुआ है, लेकिन हिज्बुल्ला के सहयोगी हमास के खिलाफ गाजा में इजराइल की जमीनी कार्रवाई की वजह से तनाव बढ़ गया है।

लेबनान की सरकारी ‘नेशनल न्यूज एजेंसी’ ने खबर दी है कि इजराइल ने एक परिवार के सदस्यों को लेकर ईनाता से ईतरोन कस्बे की ओर जा रहीं दो कारों को निशाना बनाकर हवाई हमला किया।

खबर में कहा गया है कि एक कार सीधे हमले की चपेट में आकर आग के गोले में तब्दील हो गई।

एजेंसी ने बताया कि इस हमले में एक महिला और 10, 12, 14 साल की तीन लड़कियों की मौत हो गई।

हमले की चपेट में आई कार के साथ चल रही कार में सवार लेबनान के पत्रकार सामिर अय्यूब ने कहा कि जिन तीन लड़कियों की मौत हुई है, वे उनकी बहन की बेटियां थीं और जिस महिला की मौत हुई है, वह उन लड़कियों की दादी थीं।

सामिर ने कहा, “जिस कार पर हमला किया गया उसमें कोई पुरुष नहीं था। उसमें तीन मासूम छोटी बच्चियां, उनकी दादी और मां थी।”

सामिर ने कहा, “तीन बच्चियां कार में झुलसकर मर गईं और उन्हें कोई नहीं बचा सका। मैंने उनकी मां को बाहर निकाला। आतंकवादी कहां थे? इजराइलियों तुम आतंकवादी हो।”

बिंत जबील शहर में सलाह गंदूर अस्पताल के प्रमुख मोहम्मद सुलेमान के अनुसार, महिला और तीन बच्चों के शव “पूरी तरह से झुलस चुके थे।”

उन्होंने कहा कि बच्चों की मां घायल हो गईं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है और उन्हें दूसरे क्षेत्रीय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

इजराइली हमले के तुरंत बाद, हिज्बुल्ला ने कहा कि उसके लड़ाकों ने जवाब में दक्षिणी लेबनान से इजराइल में रॉकेट दागे हैं।

इजराइली बचाव सेवा ने कहा कि रविवार को उत्तरी इजराइल के शहर किर्यत शमोना पर कई रॉकेट दागे गए।

इजराइली सेना ने कहा कि रविवार को हिज्बुल्ला के हमलों में कम से कम एक नागरिक की मौत हो गई।

सेना के प्रवक्ता डैनियल हगारी ने इस घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर किया।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हम सभी घटनाओं की जानकारी हासिल करके उनका अध्ययन और पड़ताल करते हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)