देश की खबरें | स्वप्ना सुरेश के आरोप पर कांग्रेस, भाजपा ने कहा-माकपा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के तीन प्रमुख नेताओं के खिलाफ सोना तस्करी मामले की मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद शनिवार को राज्य में राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया।

तिरुवनंतपुरम, 22 अक्टूबर केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के तीन प्रमुख नेताओं के खिलाफ सोना तस्करी मामले की मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद शनिवार को राज्य में राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया।

विपक्षी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने पुलिस से तीनों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आग्रह किया और वाम सरकार से इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ने को कहा।

सुरेश ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया था कि नेताओं - दो पूर्व मंत्रियों और एक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष - ने उससे यौन संबंध बनाने के लिए कहा था।

हालांकि, अभी तक न तो नेताओं ने और न ही मार्क्सवादी पार्टी ने चौंकाने वाले आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया दी है।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख के. सुधाकरन और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने कहा कि केरल के इतिहास में यह देखा गया है कि जब इस तरह के गंभीर आरोप लगाए जाते हैं तो प्राथमिकी दर्ज की जाती है और जांच की जाती है।

कांग्रेस नेताओं ने अपनी पार्टी के विधायक ई. कुन्नापिल्ली के खिलाफ हाल ही में दर्ज किए गए बलात्कार और हमले के मामलों की ओर इशारा करते हुए, यह भी कहा कि अगर उनके खिलाफ एक महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था, तो सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के खिलाफ भी इसी तरह से मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने भी कहा कि मीडिया के सामने उसके (स्वप्ना सुरेश के) खुलासे को कानूनी सबूत माना जाना चाहिए और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘माकपा और मुख्यमंत्री स्वप्ना सुरेश द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया क्यों नहीं दे रहे हैं। वह सबूतों के साथ बात कर रही हैं। मामला दर्ज किया जाना चाहिए और आरोपों की जांच होनी चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं है।’’

इसी तरह के विचार साझा करते हुए सतीशन ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी माकपा नेताओं को अपनी बेगुनाही साबित करने दें। हम अभी यह नहीं कह रहे हैं कि वे दोषी हैं। लेकिन अगर कोई आरोप है, तो इसकी जांच होनी चाहिए। सरकार और पुलिस को इसके लिए तैयार रहना चाहिए।’’

उन्होंने मुख्यधारा के मीडिया के एक वर्ग की भी आलोचना की, जिसने स्वप्ना सुरेश द्वारा लगाए गए आरोपों पर खबर नहीं दी। उन्होंने कहा, ‘‘यह भी एक महिला की शिकायत है। जब एक महिला ने कुन्नापिल्ली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, तो हमने उस शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की जांच नहीं की। हमने केवल इतना कहा कि हम शिकायत की जांच करेंगे और कार्रवाई की जाएगी।’’

इस बीच, मुरलीधरन ने कहा कि भाजपा चाहती है कि राज्य में वाम सरकार स्वप्ना सुरेश के आरोपों पर तत्काल कार्रवाई करे। उन्होंने सवाल किया, ‘‘हम महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर राज्य सरकार की प्रतिक्रिया जानना चाहेंगे। वे चुप क्यों हैं?’’

भाजपा नेता ने पुलिस से स्वप्ना सुरेश द्वारा मीडिया को दिये गए साक्षात्कार के आधार पर उसका बयान दर्ज करने का भी आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने रखा 194 रनों का टारगेट, ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Stats And Preview: प्लेऑफ की रेस में जीत दर्ज करने उतरेगी चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

LPG Shipment Through Hormuz: गल्प से 20 हजार टन एलपीजी लेकर कांडला पहुंचा जहाज, होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर सुरक्षित भारत पहुंची खेप

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Live Score Update: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट