भुवनेश्वर, छह नवंबर ओडिशा सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लाभ ले रहे फर्जी लाभार्थियों की पहचान करने और उन्हें हटाने का निर्देश दिया है।
सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (एसएसईपीडी) के प्रमुख सचिव विष्णुपाद सेठी ने तीन नवंबर को मधु बाबू पेंशन योजना (एमबीपीवाई) और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के तहत लाभ ले रहे फर्जी लाभार्थियों के संबंध में जिलाधिकारियों को पत्र लिखा।
सेठी ने कहा, ''विभाग के संज्ञान में आया है कि मौत के मामलों को ठीक से दर्ज नहीं किया जा रहा है जिसके कारण सहायता राशि उन व्यक्तियों के खातों में जा रही है जो अब नहीं हैं।''
प्रमुख सचिव के अनुसार, मृतकों की उचित पहचान और उनकी जानकारी को तुरंत दर्ज करना आवश्यक है ताकि पात्र लाभार्थियों को सुचारू रूप से योजना का लाभ मिले।
उन्होंने निर्देश दिया कि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) हर महीने पेंशन के मामलों की समीक्षा करें, मृत्यु के मामलों में पेंशन रद्द करें और यह सुनिश्चित करें कि योजना में नए लाभार्थी शामिल किए जाएं ताकि रिक्तियां न रहें।
सेठी ने कहा कि इस साल अक्टूबर महीने की समीक्षा के दौरान एमबीपीवाई के तहत 12,405 और एनएसएपी के तहत 6,614 रिक्तियां पाई गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY