जरुरी जानकारी | ओडिशा सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में 3,878 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को 3,878.86 करोड़ रुपये के 17 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी। ये निवेश प्रस्ताव राज्य के 11 जिलों में 10,584 नए रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।
भुवनेश्वर, 13 जून ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को 3,878.86 करोड़ रुपये के 17 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी। ये निवेश प्रस्ताव राज्य के 11 जिलों में 10,584 नए रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।
मुख्य सचिव मनोज आहूजा की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एकल खिड़की मंजूरी प्राधिकरण (एसएलएसडब्ल्यूसीए) की बैठक में निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
अधिकारी ने कहा कि अनुमोदित परियोजनाएं प्लास्टिक, तकनीकी वस्त्र, कपड़ा और परिधान, ईएसडीएम, खाद्य प्रसंस्करण, बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन, लॉजिस्टिक और बुनियादी ढांचा, रसायन और इस्पात जैसे विभिन्न क्षेत्रों के लिए थीं।
प्लास्टिक क्षेत्र को छह निवेश प्रस्ताव मिले। ग्रीनवेव सर्कुलरिटी प्राइवेट लिमिटेड 650.23 करोड़ रुपये के निवेश से खुर्दा में रिसाइकिल फ्लेक्स, पेलेट और रेजिन निर्माण सुविधा स्थापित करेगी। इससे 600 लोगों को नौकरियां मिलने की उम्मीद है।
गुरुमहाराज माइनिंग एंड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड भी 2,50,000 मीटर की वार्षिक क्षमता वाली भूमिगत पाइपलाइन (यूजीपीएल) बनाने के लिए 239.07 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। इससे खुर्दा में 860 नौकरियां पैदा होंगी।
अधिकारी ने कहा कि सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड 175 करोड़ रुपये के निवेश से कटक में प्लास्टिक उत्पादों के लिए एक इकाई स्थापित करेगी, जिससे 165 नौकरियां पैदा होंगी। जबकि ल्यूक्रो प्लास्टिक प्राइवेट लिमिटेड 100 करोड़ रुपये के निवेश से जगतसिंहपुर जिले में पोस्ट-कंज्यूमर प्लास्टिक रिसाइकिल (पीसीआर) ग्रैन्यूल्स और उत्पाद इकाई स्थापित करने की योजना बना रही है, जिससे 1,615 नौकरियां पैदा होंगी।
कपड़ा और परिधान क्षेत्र में, एमएएस इंडिया क्लोथिंग प्राइवेट लिमिटेड 885 करोड़ रुपये के निवेश से खुर्दा में एक कपड़ा प्रसंस्करण मिल (फैब्रिक मिल-1) स्थापित करेगी, जिससे 1,700 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अतिरिक्त, आइसोलॉयड इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज लिमिटेड 51 करोड़ रुपये के निवेश से जाजपुर में सिरेमिक फाइबर और संबंधित उत्पादों के लिए एक विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे तकनीकी कपड़ा क्षेत्र में 175 नौकरियां पैदा होंगी।
उद्योग विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में, आयरन ट्राएंगल लिमिटेड बोलनगीर जिले में 200 मेगावाट बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली स्थापित करने के लिए 310.75 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है, जिससे 128 नौकरियां सृजित होंगी। यह स्वच्छ, ऊर्जा-कुशल औद्योगिक भविष्य के लिए ओडिशा की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)