देश की खबरें | जेएनयू के कुलपति आवास के बाहर प्रदर्शन करने पर 16 विद्यार्थियों को नोटिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के चार प्रतिनिधियों और 12 छात्रावास अध्यक्षों को कुलपति आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के मामले में जांच में शामिल होने के लिए नोटिस मिला है।
नयी दिल्ली, पांच नवंबर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के चार प्रतिनिधियों और 12 छात्रावास अध्यक्षों को कुलपति आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के मामले में जांच में शामिल होने के लिए नोटिस मिला है।
इस संबंध में प्रॉक्टर एन जनार्दन राजू की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
छात्रों को पूछताछ के लिए सात नवंबर को प्रॉक्टर के सामने उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
कुलपति के आवास के बाहर 19 सितंबर को विरोध प्रदर्शन में इन छात्रों की भागीदारी को लेकर मुख्य सुरक्षा अधिकारी को शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।
नोटिस पाने वाले छात्रों में से एक एवं जेएनयूएसयू अध्यक्ष आइशी घोष ने कहा, ‘‘कम से कम पांच छात्रावासों में कई दिन तक पानी की आपूर्ति नहीं होने पर जेएनयूएसयू के छात्रों और छात्रावास अध्यक्षों ने कुलपति के आवास के बाहर प्रदर्शन किया था।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘आज भी, इनमें से कई छात्रावासों में पानी की किल्लत बनी हुई है। पूरे दिन में केवल पांच घंटे आपूर्ति होती है। इन छात्रावासों में लगभग 700-800 छात्र रहते हैं।’’
इस मामले पर चर्चा के लिए जेएनयूएसयू ने रविवार को सभी छात्र संगठनों की बैठक बुलाई है। छात्रसंघ बातचीत के लिए सोमवार को प्रॉक्टर कार्यालय जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)