नयी दिल्ली, तीन नवंबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने कोयंबटूर में पिछले साल आईएसआईएस से प्रेरित होकर किए गए एक कार बम धमाके के संबंध में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 15 हो गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पिछले साल 23 अक्टूबर को कोयंबटूर के उक्कदम में इश्वरन कोविल स्ट्रीट पर प्राचीन अरुल्मिगु कोट्टई संगमेश्वर थिरुकोविल मंदिर के सामने आत्मघाती हमलावर जामेशा मुबीन के इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से लदे वाहन में समयपूर्व विस्फोट हो गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी।
शुरू में कोयंबटूर शहर के उक्कदम थाने में मामला दर्ज किया गया था लेकिन कुछ दिन बाद ही मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी।
संघीय जांच एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि कोयंबटूर के रहने वाले तहनसीर को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया।
तहनसीर, मोहम्मद तौफीक का साथी और मुबीन का करीबी सहयोगी है।
अधिकारी ने बताया कि जांच में यह खुलासा हुआ कि तहनसीर और तौफीक हमले से करीब एक सप्ताह पहले मुबीन के घर गए थे, जहां उन्होंने मिलकर आतंकी हमले की साजिश रची।
प्रवक्ता ने बताया, ''जब तहनसीर के डिजिटल उपकरणों की जांच की गई तो यह सामने कि उसके पास आईएसआईएस से प्रेरित साहित्य था और उसने आतंकवादी घटना के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए जानबूझकर कुछ मोबाइल एप्लिकेशन सॉफ्टवेयर और ऐप्स की मदद से आपत्तिजनक सामग्री को हटाकर खुद को पाक-साफ दिखाने का प्रयास किया था।''
अधिकारी ने बताया कि जांच में यह खुलासा हुआ कि मृतक आरोपी चरमपंथी आईएसआईएस विचारधारा से बुहत ज्यादा प्रभावित था।
एनआईए ने अब तक 11 संदिग्धों के खिलाफ चेन्नई की एनआईए अदालत में दो अलग-अलग आरोप पत्र दायर किए हैं। एनआई 20 अप्रैल और दो जून को मामले में आरोप पत्र दायर कर चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY