देश की खबरें | नयनार नागेंद्रन को भाजपा की तमिलनाडु इकाई का अध्यक्ष चुना गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नयनार नागेंद्रन को शनिवार को पार्टी की राज्य इकाई का अध्यक्ष चुना गया।

चेन्नई, 12 अप्रैल तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नयनार नागेंद्रन को शनिवार को पार्टी की राज्य इकाई का अध्यक्ष चुना गया।

पार्टी की राज्य इकाई के निवर्तमान प्रमुख के. अन्नामलाई ने घोषणा की कि भाजपा का लक्ष्य सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को सत्ता के गलियारों से बाहर करना है और नागेंद्रन के नेतृत्व में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के साथ गठबंधन का रास्ता साफ है।

भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने यहां पार्टी की एक बैठक में नागेंद्रन को तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के रूप में विधिवत निर्वाचित घोषित किया।

पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने पर नागेंद्रन ने कहा कि अन्नामलाई की शैली तूफान की तरह है, लेकिन वह हवा का झोंका ही हो सकते हैं। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का विश्वास व्यक्त किया।

अन्नामलाई ने अपने संबोधन में कहा कि लक्ष्य 2026 के विधानसभा चुनाव में द्रमुक नामक ‘बुरी शक्ति’ को सत्ता से बेदखल करना है। उन्होंने पार्टी के अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन और नागेंद्रन के राज्य इकाई प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने का जिक्र करते हुए कहा कि आगे का रास्ता भी बिल्कुल साफ है।

अन्नामलाई ने घोषणा की कि राज्य में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए नागेंद्रन का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया है।

अन्नामलाई ने भावुक होते हुए याद किया कि जब उन्होंने 2021 में राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला था, तब पार्टी के सभी वरिष्ठ और ‘अधिक योग्य’ नेताओं ने उनके नेतृत्व में पूरे दिल से काम किया था। निवर्तमान अध्यक्ष ने कहा कि यह उनका सौभाग्य था कि उन्होंने पार्टी का नेतृत्व किया और कार्यकर्ताओं को पार्टी के लक्ष्य के लिए काम करने का मौका दिया, चाहे शीर्ष पर कोई भी रहा हो।

नागेंद्रन ने अपने संबोधन में निवर्तमान अध्यक्ष अन्नामलाई, एल मुरुगन, तमिलिसाई सौंदरराजन, एल गणेशन और सी पी राधाकृष्णन सहित पूर्व अध्यक्षों के कार्यों और उनके द्वारा की गई विशिष्ट पहलों और अभियानों को याद किया, जिनके कारण तमिलनाडु में पार्टी का आधार तैयार हुआ।

नागेंद्रन ने भरोसा जताया कि राजग 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सत्ता हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के हिस्से के रूप में अकेले भाजपा 40 से अधिक सीटें जीतेगी।

भाजपा तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर नागेंद्रन ने कहा कि वे जिम्मेदारी से काम करेंगे लेकिन उन्हें अब भी एक आशंका है। ऐसा इसलिए क्योंकि अन्नामलाई, चाहे पत्रकारों से बातचीत हो या अन्य कार्य, उनकी शैली अनूठी थी।

नागेंद्रन ने कहा, ‘मेरी शैली अलग है। अगर वह (अन्नामलाई) तूफान हैं, तो मैं केवल हवा भर हूं।’’

नागेंद्रन ने कहा कि करीब आठ साल पहले भाजपा में शामिल होने के बाद निराशा हुई थी कि क्योंकि उन्हें कोई महत्वपूर्ण पद नहीं दिया गया था। हालांकि, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने के बाद उनका विचार बदल गया।

नागेंद्रन ने आरएसएस के संस्थापक केबी हेडगेवार की प्रशंसा की और कहा कि पिछले 100 वर्षों में कोई अन्य संगठन संघ की तरह विकसित नहीं हुआ है। उन्होंने हेडगेवार की प्रशंसा में एक गीत भी गाया।

नागेंद्रन ने द्रमुक शासन पर निशाना साधा और पदाधिकारियों से बूथ स्तर के काम पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। ​​उन्होंने अन्नामलाई से फिर से चप्पल/जूता पहनने की अपील की और कहा कि द्रमुक शासन को हटाने की नींव पार्टी नेता अमित शाह ने अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन की घोषणा कर 11 अप्रैल को रखी दी है।

अन्नामलाई ने दिसंबर 2024 में कसम खाई थी कि जब तक द्रमुक सरकार सत्ता से बाहर नहीं हो जाती, तब तक वे जहां भी जाएंगे नंगे पैर ही रहेंगे। उन्होंने कहा था कि सत्ता परिवर्तन के बाद ही वे चप्पल पहनना शुरू करेंगे।

नागेंद्रन ने अन्नामलाई से अपील की, ‘‘सत्ता परिवर्तन निश्चित है, इसलिए कृपया अभी से जूते पहनना शुरू कर दें।’’ बाद में उन्होंने अन्नामलाई को मंच पर नए जूते भेंट किए। अन्नामलाई ने तीन महीने से अधिक समय के अंतराल के बाद जूते पहनना फिर से शुरू किया।

पार्टी नेताओं ने नागेंद्रन को तमिलनाडु इकाई का अध्यक्ष चुने जाने पर सम्मानित किया।

इस मौके पर अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी, पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम एवं एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने नागेंद्रन को ‘भाई’ बताया और उन्हें भाजपा अध्यक्ष बनने पर बधाई दी

इस अवसर पर पी राधाकृष्णन, एच राजा, तमिलिसाई सुंदरराजन, वी श्रीनिवासन, एल मुरुगन और नारायणन तिरुपति सहित कई भाजपा नेता उपस्थित थे।

नागेंद्रन (64) 2001 से 2006 तक अन्नाद्रमुक शासन के दौरान मंत्री थे और उन्होंने परिवहन, बिजली और उद्योग मंत्रालयों का कार्यभार संभाला था।

विधायक के रूप में यह उनका तीसरा कार्यकाल है और भाजपा विधायक के रूप में वह पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं ।

नागेंद्रन ने 2001 और 2011 तक अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। 26 अगस्त 2017 को वह दिल्ली में अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान