देश की खबरें | मप्र : मोहन यादव ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी के निधन पर शोक जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के अहमदाबाद विमान हादसे में निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका संपूर्ण जीवन गुजरात के विकास और लोककल्याण के लिए समर्पित रहा।

भोपाल, 12 जून मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के अहमदाबाद विमान हादसे में निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका संपूर्ण जीवन गुजरात के विकास और लोककल्याण के लिए समर्पित रहा।

रूपाणी की बृहस्पतिवार को एअर इंडिया विमान दुर्घटना में मौत हो गई। इस विमान में उनके अलावा 241 अन्य लोग सवार थे। लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अहमदाबाद में घटित विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य विजय रूपाणी जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"

उन्होंने कहा, "गुजरात के विकास, जनसेवा और लोककल्याण के लिए उनका प्रतिपल समर्पित रहा। परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति दें।"

रूपाणी (68) गुजरात विधानसभा चुनाव में राजकोट पश्चिम सीट से जीत हासिल करने के बाद सात अगस्त 2016 से 11 सितंबर 2021 तक दो कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री रहे। वह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रभारी थे।

लंदन जा रही उड़ान एआई 171 में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक के अलावा दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now