इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 अप्रैल वक्फ कानून में बदलाव के मुद्दे को लेकर राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर में लगाए गए पोस्टर पर शुक्रवार को आपत्ति जताते हुए कांग्रेस ने पुलिस से मांग की कि वह यह पोस्टर लगाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
पोस्टर में छपा है - ‘‘वक्फ बिल का विरोध करने वाले दिग्विजय सिंह’’। पोस्टर में दिग्विजय सिंह की तस्वीर पर एक सील से ठप्पा भी लगाया गया है जिस पर छपा है- ‘‘वतन के, धर्म के, पूर्वजों के गद्दार।’’
पोस्टर के नीचे ‘‘भारतीय जनता युवा मोर्चा, इंदौर महानगर’’ छपा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि महू नाका चौराहा पर लगाए गए इस पोस्टर के खिलाफ उन्होंने छत्रीपुरा पुलिस थाने में शिकायत की है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस को दिग्विजय सिंह के खिलाफ ऐसा आपत्तिजनक पोस्टर लगाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’’
भारतीय जनता युवा मोर्चा की शहर इकाई के अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कहा,‘‘वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025, देश का ऐतिहासिक कानून है। इस विषय में दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के दूसरे नेताओं के रुख को लेकर आम लोगों और हमारे कार्यकर्ताओं में आक्रोश है क्योंकि ये नेता राष्ट्रहित की कभी बात नहीं करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY