नरयावली (मध्य प्रदेश), पांच नवंबर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और आम आदमी पार्टी (आप) जैसे दलों को ‘‘चुनावी चिड़िया’’ बताया और कहा कि ये पार्टियां चुनाव के समय आती हैं और खत्म होते ही वापस दिल्ली और उत्तर प्रदेश चली जाती हैं।
नरयावली विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि अन्य दलों के विपरित, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीति सिर्फ चुनाव जीतने और सरकार बनाने पर केंद्रित नहीं है, बल्कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य देश को विकास के पथ पर ले जाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव के समय सपा, बसपा और 'आप' जैसे दल चुनावी चिड़िया बनकर आते हैं और चुनाव खत्म होते ही दिल्ली और उत्तर प्रदेश लौट जाते हैं।’’
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते। हम सिर्फ सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते, बल्कि देश और समाज के विकास के लिए राजनीति करते हैं।’’
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी।
राजनाथ ने दावा किया कि भाजपा राज्य में सत्ता बरकरार रखेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘जब पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा हुई, तब मध्य प्रदेश में कांटे की टक्कर की बात कही जा रही थी। मैंने शुरुआत में ही कहा था कि शिवराज जी (मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान) धोनी हैं। शुरुआत चाहे जैसी भी हो, हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे और भाजपा को जीत दिलाएंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY