देश की खबरें | राजस्थान के पूर्व राज्यपाल अंशुमान सिंह के निधन पर शोक, एक दिन का राजकीय अवकाश

जयपुर, आठ मार्च राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुजरात और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया।

राज्य सरकार ने सिंह के निधन पर एक दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया है।

राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहे अंशुमान सिंह का इलाहाबाद में निधन हो गया।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पूर्व राज्यपाल अंशुमान सिंह के निधन पर सोमवार को राजकीय अवकाश रहेगा और राज्य के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।’’

राजस्थान के राज्यपाल मिश्र ने सिंह के निधन पर शोक जताया है और परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री गहलोत ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘न्यायपालिका एवं सार्वजनिक सेवा में न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’’

गहलोत ने सिंह के बड़े बेटे से फोन पर बात कर उन्हें ढाढस बंधाया और संवेदना व्यक्त की।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी पूर्व राज्यपाल न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘न्यायपालिका एवं सार्वजनिक क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)