देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर में कुपोषण से पीड़ित 1.14 लाख से अधिक बच्चों की पहचान की गई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर में कुपोषण से पीड़ित 1.14 लाख से अधिक बच्चों की पहचान की गई है और उनकी स्थिति में सुधार के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

जम्मू, 13 अप्रैल जम्मू-कश्मीर में कुपोषण से पीड़ित 1.14 लाख से अधिक बच्चों की पहचान की गई है और उनकी स्थिति में सुधार के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

समाज कल्याण विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा ने कहा कि पूरक पोषण योजना के तहत 9,14,031 लोगों को कवर किया जा रहा है और कुल लाभार्थियों में से 99 प्रतिशत का आधार सत्यापन पूरा हो चुका है।

एक प्रवक्ता ने बताया कि वर्मा ने जम्मू-कश्मीर में विभाग द्वारा चलाई जा रही कई लाभार्थी-उन्मुख योजनाओं के प्रभाव और पहुंच की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव अटल डुल्लू द्वारा बुलाई गई बैठक में यह जानकारी दी।

बैठक में बताया गया कि लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए विभाग कर्मी 22,76,067 घरों में गए जो 23,64,938 घरों में जाने के लक्ष्य का 96 प्रतिशत है।

अधिकारी ने बताया कि इन प्रयासों के दौरान कुपोषण से पीड़ित 1,14,416 बच्चों की पहचान की गई और उनकी स्थिति में सुधार के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे।

वर्मा ने बताया कि जहां तक ​​बच्चों के कल्याण का सवाल है तो ‘मिशन वात्सल्य’ के तहत 116 गृह और बाल देखभाल संस्थान स्थापित किए गए हैं जो कमजोर बच्चों की देखभाल सुनिश्चित करते हैं।

विभाग के कामकाज का अवलोकन पेश करते हुए आयुक्त सचिव ने बताया कि 2024-25 के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत 2,496.25 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध थी और 2,147.24 करोड़ रुपये (86 प्रतिशत) खर्च किए गए।

उन्होंने कहा कि 2025-26 में विभाग के लिए 4,361.14 करोड़ रुपये (2024-25 से 68 प्रतिशत वृद्धि) का बजट आवंटित किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now