देश की खबरें | मिजोरम चुनाव: गिरजाघरों, एनजीओ, राजनीतिक दलों ने मतगणना की तारीख में बदलाव का अनुरोध किया

आइजोल, तीन नवंबर मिजोरम में गिरजाघरों, नागरिक समाज समूहों और राजनीतिक दलों ने एक बार फिर निर्वाचन आयोग से मतगणना की तारीख में बदलाव का अनुरोध किया है।

मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात नवंबर को मतदान होगा और मतगणना तीन दिसंबर को की जाएगी।

मिजोरम कोहरान ह्रुएट्यूट कमेटी (एमकेएचसी) ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के माध्यम से निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर मतगणना तिथि में बदलाव का अनुरोध किया।

एमकेएचसी में प्रमुख गिरजाघर, एनजीओ समन्वय समिति, प्रमुख नागरिक समाज संगठनों और छात्र निकायों का एक समूह, गिरजाघर-प्रायोजित चुनाव निगरानी संस्था मिजोरम पीपुल्स फोरम (एमपीएफ) और राजनीतिक दल शामिल हैं।

गिरजाघर के एक नेता ने कहा कि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के माध्यम से निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर मतगणना की तारीख में बदलाव करने का अनुरोध किया गया है।

पिछले महीने भी राजनीतिक दलों, गैर-सरकारी संगठनों और गिरजाघरों के एक निकाय ने आयोग को पत्र लिखकर तारीख में बदलाव का अनुरोध किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)