देश की खबरें | एमसीडी 25 अप्रैल को नए महापौर, उपमहापौर का चुनाव कराएगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) 25 अप्रैल को महापौर और उपमहापौर पदों के लिए चुनाव कराएगा।
नयी दिल्ली, 11 अप्रैल दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) 25 अप्रैल को महापौर और उपमहापौर पदों के लिए चुनाव कराएगा।
पिछले कुछ महीनों में आप के कई पार्षदों के पार्टी छोड़कर चले जाने के बाद एमसीडी में भाजपा के पार्षदों की संख्या 119 हो गई है।
एमसीडी में मनोनीत सांसद और विधायक दोनों ही महापौर एवं उपमहापौर पदों के चुनावों में मतदान के पात्र हैं।
एमसीडी सचिव कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी नोटिस के अनुसार, एमसीडी की सामान्य बैठक 25 अप्रैल को होगी और इस दौरान अपराह्न दो बजे महापौर तथा उपमहापौर पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे।
नामांकन की प्रक्रिया 15 अप्रैल को शुरू होगी और 21 अप्रैल को शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। उम्मीदवार चुनाव से पहले किसी भी समय अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) 2022 के नगर निगम चुनावों में 250 वार्ड में से 134 पर जीत हासिल कर सत्ता में आयी थी, जबकि भाजपा को 104 वार्ड में जीत मिली थी। हालांकि, इस साल 15 फरवरी को आप के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो गए, जिससे वह एमसीडी में सबसे बड़ी पार्टी बन गई।
भाजपा नेताओं ने बताया कि विपक्ष के नेता राजा इकबाल सिंह, केशवपुरम क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा और शाहदरा दक्षिण क्षेत्रीय समिति के सदस्य संदीप कपूर सहित कई भाजपा पार्षदों के नामों पर महापौर पद के लिए संभावित उम्मीदवारों के रूप में चर्चा हो रही है।
आप नेताओं ने कहा कि पार्टी महापौर चुनाव के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रही है और एक उपयुक्त उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी एमसीडी चुनाव की रणनीति बनाने के लिए अपने पार्षदों के साथ बैठक करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)