देश की खबरें | दिल्ली में कई रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने सम-विषम योजना की आलोचना की

नयी दिल्ली, छह नवंबर दिल्ली के कई ‘रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन’ (आरडब्ल्यूए) ने राष्ट्रीय राजधानी में फिर से ‘‘सम-विषम नियम’’ लागू करने के राज्य सरकार के फैसले की सोमवार को आलोचना की, जबकि कई अन्य ने बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए यहां पूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग की।

दिल्ली में 2,500 आरडब्ल्यूए के नेटवर्क, ऊर्जा ने इस कदम को 'राजनीतिक छलावा' करार देते हुए कहा कि इससे प्रदूषण में सुधार करने में कोई मदद नहीं मिलेगी।

यूनाइटेड रेजिडेंट्स ज्वाइंट एक्शन (ऊर्जा) के अध्यक्ष अतुल गोयल ने कहा, ‘‘ सम-विषम योजना राज्य सरकार की एक राजनीतिक छलावा है जो दिल्ली में प्रदूषण के गंभीर मुद्दे का व्यावहारिक रूप से समाधान पेश करने में विफल रही है। हम इस फैसले से खुश नहीं हैं। ’’

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को घोषणा की कि वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने की कवायद के तौर पर शहर में 13 से 20 नवंबर तक सम-विषम योजना लागू की जाएगी।

पर्यावरण मंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘दिल्ली में दिवाली के बाद 13 से 20 नवंबर तक सम-विषम योजना लागू की जाएगी। इस योजना की अवधि बढ़ाने पर फैसला 20 नवंबर के बाद लिया जाएगा।’’

साल 2016 में पहली बार लागू की गई इस योजना के तहत सम या विषम पंजीकरण संख्या वाली कारों को एक-एक दिन के अंतराल पर चलाने की अनुमति दी जाती है। अगले सप्ताह जब इसे लागू किया जाएगा तो यह चौथी बार होगा, जब दिल्ली सरकार वाहनों से होने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए यह योजना लागू करेगी।

उत्तरी दिल्ली में आरडब्ल्यूए ने वायु प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा की गई इस पहल पर नाराजगी व्यक्त की है।

उत्तरी दिल्ली आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अशोक भसीन ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार ने क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (जीआरएपी) के चौथे व अंतिम चरण के तहत कई गतिविधियों को रोक दिया है, जिसका सीधा असर उन हजारों श्रमिकों पर पड़ेगा जो प्रतिबंधित स्थलों पर कार्यरत थे। प्रदूषण बढ़ने के बीच स्कूल बंद होने से इसका असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ेगा। ’’

हालांकि, डिफेंस कॉलोनी एक आरडब्ल्यूए ने कहा कि राज्य सरकार को इसके बजाय और अधिक कड़े उपाय लागू करने चाहिए और दिल्ली में वायु गुणवत्ता की बिगड़ती स्थिति से निपटने के लिए दो दिन के लॉकडाउन लागू करने का आह्वान किया।

आरडब्ल्यूए ने कहा कि त्योहारों के नजदीक होने के साथ राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से काम करना चाहिए कि हवा की गुणवत्ता और भी बदतर न हो जाए।

डिफेंस कॉलोनी की आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा, ‘‘सम-विषम नियम एक हफ्ते पहले ही लागू हो जाना चाहिए था। सरकार के पास इस नियम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पर्याप्त कर्मचारी नहीं है। इसलिए, उसे सख्त कदम उठाना चाहिए और स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाने से रोकने के लिए दो दिनों के पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा करनी चाहिए।’’

इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों को 10वीं और 12वीं कक्षा को छोड़कर बाकी कक्षाओं की ऑफलाइन कक्षाएं स्थगित करने का निर्देश दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)