श्रीनगर , पांच नवंबर जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के पास से एक फर्जी पहचान पत्र और चोरी का कुछ सामान बरामद किया गया है।
प्रवक्ता के मुताबिक, आरोपी की पहचान जावेद अहमद राठेर के तौर पर की गई है और कुंजेर पुलिस थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज होने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
वासुन बांगिल निवासी फारूख अहमद वानी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि राठेर ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया और उसे उनके बच्चे के लिए राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में ‘प्लेसमेंट’ दिलाने का आश्वासन दिया।
प्रवक्ता के अनुसार, राठेर के साथ उसके तीन सहयोगी भी थे, जिनकी पहचान अंजुमन आफरीन, आकिब अहमद वानी और रफीक अहमद वानी के तौर पर हुई है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता के आवास पर चोरी की और एक गीजर, इंवर्टर, सीसीटीवी कैमरा और टेलीविजन ले गए।
प्रवक्ता के मुताबिक, शिकायतकर्ता से कथित तौर पर लगभग 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के घर से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि कुंजेर थाने में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY