देश की खबरें | मप्र: गुना में हनुमान जयंती पर शोभा यात्रा के दौरान पथराव, स्थिति नियंत्रण में

गुना (मप्र), 12 अप्रैल मध्य प्रदेश के गुना में शनिवार को हनुमान जयंती के अवसर पर एक शोभा यात्रा के दौरान पथराव की घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े सात बजे हुई जिसके बाद अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए तुरंत कार्रवाई की।

स्थानीय प्रशासन ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हमें हनुमान जयंती शोभा यात्रा के दौरान पथराव की सूचना मिली। कुछ समय के लिए शांति और व्यवस्था थोड़ी प्रभावित हुई।’’

इसमें कहा गया कि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और पुलिस एवं राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में मस्जिद के पास स्थिति को नियंत्रित किया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘इलाके में फिलहाल पूरी तरह शांति और व्यवस्था है। लोगों से अनुरोध है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।’’

पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)