देश की खबरें | मध्यप्रदेश: कांग्रेस ने ‘विवादित’ टिप्पणी के लिए मंत्री प्रहलाद पटेल पर साधा निशाना

शिवपुरी, 12 अप्रैल मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री प्रहलाद पटेल की कथित ‘नौटंकी वाले लोग’ टिप्पणी और एक गांव के दौरे के दौरान अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि यह टिप्पणी स्थानीय लोगों के लिए की गयी थी।

वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने शिवपुरी जिले में एक पंचायत प्रभारी को ग्रामीणों को ‘गुमराह’ कर वृक्षारोपण कार्यक्रम में आमंत्रित कर सरकार की छवि को ‘धूमिल’ करने के लिए निलंबित कर दिया।

पटेल के पास पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार है।

कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने बृहस्पतिवार को शिवपुरी जिले के देवपुरा गांव के दौरे के दौरान पटेल द्वारा कथित तौर पर ‘नौटंकी वाले लोग’ कहने का एक वीडियो क्लिप साझा किया।

वीडियो में मंत्री को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि इससे पता चलता है तुम पूरे समय नौटंकी करने वाले लोग हो।

हालांकि, वीडियो में यह नहीं दिखाई दे रहा कि मंत्री किससे बात कर रहे थे।

मंत्री उस समय नाराज हो गए, जब उन्हें क्वारी नदी के उद्गम स्थल का निरीक्षण करने के लिए गांव के दौरे के दौरान वृक्षारोपण कार्य में भाग लेने के लिए कहा गया।

मंत्री ने बाद में मीडिया को बताया कि वह नदी के उद्गम स्थल का निरीक्षण करने के लिए ही गांव गए थे और इसके अलावा कोई अन्य निर्धारित कार्यक्रम नहीं था।

पटेल ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र में जल संकट को देखते हुए गर्मी के बजाय पहली बारिश के बाद ही वृक्षारोपण कार्य करने का निर्देश दिया है।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ‘एक्स’ पर पटेल का वीडियो साझा करते हुए कहा, “यह भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल हैं। यह अहंकारी भाजपा नेता अब जनता को ‘नौटंकीबाज’ कह रहा है। यह वही व्यक्ति हैं जिन्होंने पहले जनता को भिखारी कहा था।”

पटवारी ने दावा किया कि मंत्री ने भिखारी वाली टिप्पणी के लिए कभी माफी नहीं मांगी और उनका ‘अहंकार’ दिखाता है कि वे माफी नहीं मांगेंगे।

पटवारी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने सुझाव दिया कि कांग्रेस नेता संयमित का इस्तेमाल करें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)