देश की खबरें | लोकसभा सदस्य दिलीप सैकिया भाजपा की असम इकाई के प्रमुख चुने गए

गुवाहाटी, 17 जनवरी लोकसभा सदस्य दिलीप सैकिया शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई के निर्विरोध नये अध्यक्ष चुने गए।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव के निर्वाचन अधिकारी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सैकिया को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपा। सैकिया ने इसी कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष भावेश कलिता से प्रदेश इकाई की कमान अपने हाथों में ली।

इस मौके पर राष्ट्रीय परिषद में राज्य से 23 नामों की भी घोषणा की गयी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा समेत शीर्ष पार्टी नेता मौजूद थे।

सैकिया ने राज्य के विकास के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का सहयोग मांगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें असम को शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने के लिए मिलकर काम करना होगा। मेरा मानना ​​है कि काम बोलना चाहिए।’’

उन्होंने याद किया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि जब अंधेरा छंटेगा तो कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘वह सपना अब हकीकत बन गया है और पूरे देश में कमल खिल रहा है।’’

पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वैसे चुनावी सफलता किसी राजनीतिक दल की सफलता को मापने का एक पैमाना है, लेकिन यह एकमात्र मानदंड नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा पर अडिग है।

उन्होंने कहा कि पार्टी उन सदस्यों को पुरस्कृत करती है जो कोई पद नहीं मांगते हैं बल्कि समर्पण के साथ काम करते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और दारांग-उदालगुरी निर्वाचन क्षेत्र (पहले यह मंगलदाई नाम से जाना जाता था) से दूसरी बार के सांसद सैकिया प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी थे।

उन्होंने बृहस्पतिवार शाम को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। उनके लिए 20 प्रस्तावक और समर्थक थे जिनमें निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कलिता, मुख्यमंत्री शर्मा और असम विधानसभा के उपाध्यक्ष नुमोल मोमिन शामिल थे।

सैकिया (51) भाजपा और उसकी युवा शाखा में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। वह 2019 में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

हरीश द्विवेदी, संबित पात्रा और सुनील बंसल जैसे शीर्ष केंद्रीय नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की तथा शीर्ष पद के लिए सर्वसम्मत उम्मीदवार तय करने के लिए राज्य नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श किया।

इस बीच (पार्टी की) राष्ट्रीय परिषद में राज्य से 23 सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गयी।

उनमें केंद्रीय मंत्री सोनोवाल, मुख्यमंत्री शर्मा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कलिता के अलावा राज्य के अन्य मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)