गुवाहाटी, पांच नवंबर संगीत सम्राट भूपेन हजारिका की 12वीं पुण्यतिथि के मौके पर रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा सहित कई दिग्गजों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
शाह ने हजारिका को याद करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं ने दिखाया कि किस तरह कला का उपयोग सामाजिक परिवर्तन लाने के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "ब्रह्मपुत्र के महान योद्धा, भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका जी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरी श्रद्धांजलि।"
शाह ने कहा, "भूपेन दा की रचनाएं हमारी संस्कृति का शानदार उदाहरण पेश करती हैं और यह भी मिसाल कायम करती हैं कि सामाजिक परिवर्तन लाने के लिए कला का सबसे अच्छा उपयोग कैसे किया जा सकता है। उनकी रचनाएं एक निष्पक्ष और न्यायसंगत समाज बनाने के लिए पीढ़ियों के लिए एक संदेश के रूप में काम करती रहेंगी।"
असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने 'एक्स' पर लिखा, "बुरहलुइत के निरंतर बहते पानी की तरह, सुधाकोंतों भूपेन हजारिका के प्रेम, एकता और सद्भाव के शब्द हर असमिया के दिल में गूंजे।"
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 'एक्स' पर लिखा, "मानवता के अपने गीतों के माध्यम से डॉ. भूपेन हजारिका ने जनता को उत्साहित किया था। लुइत के तट से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में यात्रा करते हुए उन्होंने असम के गीतों और संस्कृति को एक अनूठी पहचान दी थी।"
उन्होंने कहा, "भूपेन दा की करुणामयी आवाज हमेशा हमारे दिलों में रहेगी।"
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी महान शख्सियत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके गीतों में नई आशा, भाईचारे और सद्धाव का सार है।
उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "ब्रह्मपुत्र की बहुमुखी प्रतिभा और उनके योगदान ने हमारी संस्कृति और विचारों को बहुत समृद्ध किया है। भारत रत्न और प्रतिष्ठित गीतकार को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।"
राज्य के सांस्कृतिक मंत्री बिमल कुमार बोरा ने गुवाहाटी के जालुकबारी में डॉ. भूपेन हजारिका समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
भूपेन हजारिका सांस्कृतिक न्यास ने यहां श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जहां बच्चों के बीच कला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY