(तस्वीरों के साथ)
मनीला, 24 अक्टूबर (एपी) कोरियन एअर का एक विमान बारिश के कारण सोमवार को फिलीपीन हवाई अड्डे पर रनवे से फिसलकर घास के मैदान में फंस गया।
विमान में सवार 162 यात्रियों और चालक दल के 11 सदस्यों में से किसी को चोटें नहीं आयी। यात्रियों को विमान से बाहर निकलने के लिए आपातकालीन द्वार का इस्तेमाल करना पड़ा।
देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक मैक्टन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अपने इकलौते रनवे पर विमान के फंसे होने के कारण बंद है और दर्जनों उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
कोरियन एअर के अध्यक्ष ने लोगों से माफी मांगी और ऐसी घटना भविष्य में होने से रोकने के लिए एशिया की सबसे प्रतिष्ठित एअरलाइंस में से एक कोरियन एअर द्वारा कदम उठाने का संकल्प लिया।
कोरियन एअर के अध्यक्ष वू कीहोंग ने एक बयान में कहा, ‘‘हम अपने संचालन में हमेशा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं और हम अपने यात्रियों को हुई परेशानी तथा असुविधा के लिए खेद जताते हैं।’’
इस घटना में विमान को भी नुकसान पहुंचा है। फिलीपीन घटना की जांच करा रहा है।
फिलीपीन के अधिकारियों ने बताया कि विमान को हटाने के प्रयास शुरू करने से पहले उसमें बचे ईंधन को निकाल लिया जाएगा।
‘कोरियन एअर लाइंस को डॉट’ ने एक बयान में कहा कि दक्षिण कोरिया के इंचियोन से एअरबस ए330 विमान ने रनवे से आगे निकलने से पहले दो बार नीचे उतरने की कोशिश की थी।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY