देश की खबरें | न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया

नयी दिल्ली, 20 जून उच्चतम न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) की अध्यक्ष के रूप में सोमवार को पदभार ग्रहण किया।

न्यायमूर्ति देसाई प्रिंट मीडिया पर नजर रखने वाली संस्था पीसीआई की पहली महिला अध्यक्ष हैं। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और पीसीआई सदस्य प्रकाश दूबे की सदस्यता वाली एक समिति द्वारा न्यायमूर्ति देसाई के नाम को हाल में मंजूरी दिए जाने के बाद सरकार ने उनकी नियुक्ति की है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस संबंध में 17 जून को गजट अधिसूचना जारी की थी।

गौरतलब है कि 72 वर्षीय न्यायमूर्ति देसाई इससे पहले जम्मू-कश्मीर परिसीमन आयोग की अध्यक्ष थीं, जिसे केन्द्र शासित प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन का काम सौंपा गया था।

न्यायमूर्ति देसाई 13 सितंबर, 2011 से 29 अक्टूबर, 2014 तक उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश थीं।

गौरतलब है कि न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) चन्द्रमौली कुमार प्रसाद का पिछले साल नवंबर में कार्यकाल समाप्त होने के बाद से यह पद खाली था।

पीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)