जम्मू, 12 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट आतंकवादियों के खिलाफ घुसपैठ रोधी अभियान का नेतृत्व करते हुए अपनी जान कुर्बान करने वाले एक जूनियर कमीशन प्राप्त अधिकारी (जेसीओ) को शनिवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर जम्मू में अखनूर की सैन्य छावनी टांडा में सूबेदार (जेसीसओ) कुलदीप चंद के लिए पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया और बाद में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित उनके घर ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि 10वीं ‘इन्फैंट्री डिवीजन’ के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग’ मेजर जनरल समीर श्रीवास्तव और जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगिंदर सिंह के नेतृत्व में सेना व पुलिस के वरिष्ठ और सिविल अधिकारियों ने जेसीओ चंद के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को सलाम किया।
शुक्रवार देर रात अखनूर सेक्टर के केरी-भट्टल इलाके में भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में जेसीओ चंद शहीद हो गए थे।
उपराज्यपाल सिन्हा ने एक संदेश में कहा, ‘‘मैं हमारी सेना के बहादुर जवान कुलदीप चंद के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करता हूं, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनकी वीरता और बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। पूरा देश इस दुख की घड़ी में शहीद के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।’’
भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और भारतीय सेना के सभी कर्मी के लोग बहादुर के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY