जम्मू, छह नवंबर जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख आरआर स्वैन ने सोमवार को यहां विभाग की विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उनसे बेहतर परिणाम देने के लिए कार्य क्षमता को बढ़ाने का आग्रह किया गया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का 31 अक्टूबर को कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस मुख्यालय में पहली बैठक की अध्यक्षता की।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि स्वैन ने जोन, रेंज और जिला स्तरों पर पुलिस के कामकाज की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान चुनौतियों और कार्य वातावरण संबंधी कठिनाइयों पर अनौपचारिक माहौल में चर्चा की गई।
प्रवक्ता के मुताबिक, डीजीपी ने कहा, “यह बेहद जरूरी है कि विभिन्न स्तरों पर बल के वरिष्ठ अधिकारी अपने कनिष्ठ सहकर्मियों के साथ बेझिझक बातचीत करें और उनकी प्रतिक्रिया लें ताकि पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की प्रतिक्रियाएं लागत प्रभावी, जनता के अनुकूल और राष्ट्रीय सुरक्षा के अनुरूप रहें।”
बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) और शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी, उधमपुर के निदेशक गरीब दास, पुलिस महानिरीक्षक (जम्मू क्षेत्र) आनंद जैन, आईजी (सीआईडी) नीतीश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पुलिस मुख्यालय बीएस तूती और आईजी (सशस्त्र जम्मू) एमएन तिवारी ने शिरकत की।
प्रवक्ता ने कहा कि कश्मीर से एडीजीपी जेएम गिलानी और विजय कुमार, कई पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और कई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) समेत अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY