देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर : पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया बैंक डकैती का मामला, एक गिरफ्तार

कठुआ/जम्मू, 21 जून जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में एक बैंक से चोरी हुए 1.53 करोड़ रुपये बरामद करने के साथ ही मामले के संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

कठुआ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आर सी कोतवाल ने पत्रकारों से कहा, हमने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक डकैती का मामला 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है और लगभग 1,53,86,290 रुपये की चोरी की गयी नकदी बरामद की है।

उन्होंने बताया कि कठुआ में एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक अशोक कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवायी कि दो अज्ञात व्यक्ति छत से बैंक शाखा में घुसे, सुरक्षाकर्मी को रस्सी से बांधा और पैसे चुराकर फरार हो गये।

कोतवाल ने कहा कि शाखा से लगभग 1,65,00,000 रुपये चोरी किये गये थे।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी थी।

अधीक्षक ने कहा कि कठुआ के अतिरिक्त अधीक्षक सुरेश कुमार चिब के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

उन्होंने कहा कि दल कठुआ से जगनदीप सिंह नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफल रहा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की गयी नकदी कहां रखी थी और कठुआ के सुखविंदर सिंह नाम के एक अन्य आरोपी का नाम भी बताया।

कार्यकारी मजिस्ट्रेट तहसीलदार बिक्रम कुमार और एचडीएफसी बैंक प्रबंधक कुमार की उपस्थिति में, जगनदीप सिंह ने लूट में अपनी संलिप्तता कबूल की और उसके खुलासे पर पुलिस के एक दल ने उसके आवास से 1,36,87,250 रुपये और दूसरे आरोपी आरोपी सुखविंदर सिंह के आवास से 16,99,040 रुपये बरामद किए।

कोतवाल ने कहा, ‘‘आरोपी सुखविंदर सिंह की तलाश जारी है।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझा लिया।

उन्होंने कहा कि अन्य मामलों में आरोपियों की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)