गाजा में करीब 23 लाख फलस्तीनी रहते हैं।
नेतन्याहू ने सोमवार को प्रसारित ‘एबीसी न्यूज’ से साक्षात्कार में कहा कि वह हमलों को ‘‘थोड़ी-थोड़ी देर के लिए रोकने’’ को तैयार हैं, ताकि हमास द्वारा सात अक्टूबर को इजराइल पर किए गए हमले के दौरान बंधक बनाए गए 240 से अधिक लोगों की रिहाई सुनिश्चित की जा सके। हमास के इसी हमले के बाद से यह ताजा संघर्ष शुरू हुआ था।
नेतन्याहू ने सभी बंधकों की रिहाई के बिना संघर्ष विराम की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया।
अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और नेतन्याहू के बीच सोमवार को फोन पर बातचीत में व्यापक ‘‘मानवीय अल्प विराम’’ के अमेरिकी आह्वान को लेकर कोई सहमति नहीं बनी।
इजराइली बल गाजा के भीतर फलस्तीनी उग्रवादियों से एक सप्ताह से अधिक समय से लड़ रहे हैं और उन्होंने उसे दो भागों में विभाजित कर गाजा सिटी को घेर लिया है।
गाजा में हवाई हमले लगातार जारी है और करीब 70 प्रतिशत आबादी इजराइली आदेश के अनुसार अपने घर छोड़कर दक्षिणी भाग की ओर चली गई है, लेकिन वहां भी बमबारी जारी है। खाद्य पदार्थों, दवाइयों, ईंधन और पानी की कमी है और विद्यालयों में संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित आश्रय स्थलों में जरूरत से अधिक लोग है।
हमास शासित गाजा पट्टी के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि गाजा में मृतकों की संख्या बढ़कर करीब 10,000 हो गई है, जिनमें 4,100 से अधिक बच्चे हैं। उसने बताया कि 2,300 से अधिक लोग लापता है और उनके मलबे में दबे होने की आशंका है।
इजराइल में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से अधिकतर लोगों की मौत सात अक्टूबर को हमास द्वारा शुरूआत में किए हमले में गई थी।
यह युद्ध, इजराइल की स्थापना के बाद से पिछले 75 वर्ष का सबसे विनाशकारी इजराइल-फलस्तीन संघर्ष माना जा रहा है, जिसमें संघर्ष विराम की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। दरअसल इजराइल ने हमास को सत्ता से बेदखल करने और उसकी सैन्य क्षमता को नष्ट करने का संकल्प लिया है।
अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडन ने नेतन्याहू से बातचीत के दौरान अपील की थी कि मानवीय मदद की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गाजा में जारी इजराइली हमलों को कुछ देर के लिए रोका जाए।
बाइडन ने पिछले आठ दिन में नेतन्याहू के साथ अपनी पहली बातचीत में युद्ध में ‘‘मानवीय विराम’’ की अपनी अपील दोहराई, ताकि आम नागरिकों को हमास को कुचलने के मकसद से जारी इजराइली हमलों से बचकर सुरक्षित स्थानों पर जाने का मौका मिल सके और जरूरतमंद हजारों आमजन को मानवीय मदद की आपूर्ति की जा सके।
बाइडन से बातचीत के बाद नेतन्याहू ने ‘एबीसी न्यूज’ से साक्षात्कार के दौरान व्यापक संघर्ष विराम की संभावना को खारिज कर दिया, लेकिन कहा कि वह ‘‘थोड़ी-थोड़ी देर के लिए हमले रोकने’’ का विकल्प अपना सकते हैं।
मानवीय अल्प विराम की बाइडन की अपील के बारे में पूछे जाने पर नेतन्याहू ने कहा, ‘‘गाजा में बंधकों की रिहाई के बिना कोई संघर्ष विराम नहीं होगा। जहां तक कहीं-कहीं एक-एक घंटे के लिए रणनीतिक अल्प विराम की बात है, तो हमने पहले भी ऐसा किया है। मुझे लगता है कि हम मानवीय जरूरत की वस्तुओं की आपूर्ति या बंधकों को वहां से निकलने के लिए सक्षम बनाने संबंधी परिस्थितियों पर गौर कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि सामान्य संघर्ष विराम लागू होगा।’’
इससे पहले, अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मानवीय पहलों संबंधी बाइडन प्रशासन के प्रस्ताव को लेकर समर्थन जुटाने के लिए इजराइल, जॉर्डन, साइप्रस, इराक और तुर्किये का दौरा किया। ब्लिंकन ने तुर्किये की राजधानी अंकारा में विदेश मंत्री हकान फिदान से मुलाकात के बाद अपना दौरा समाप्त किया।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY