देश की खबरें | इजराइल-हमास संघर्ष: विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष से 'गंभीर' स्थिति पर चर्चा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को अपने ईरानी समकक्ष हुसैन आमिर-अब्दुल्लाहियन से फोन पर बात कर इजराइल-हमास संघर्ष से उत्पन्न ‘गंभीर’ स्थिति पर चर्चा की।
नयी दिल्ली, पांच नवंबर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को अपने ईरानी समकक्ष हुसैन आमिर-अब्दुल्लाहियन से फोन पर बात कर इजराइल-हमास संघर्ष से उत्पन्न ‘गंभीर’ स्थिति पर चर्चा की।
जयशंकर ने आमिर-अब्दुल्लाहियन को संघर्ष को बढ़ने से रोकने के महत्व और गाजा में लोगों को मानवीय सहायता प्रदान करने की आवश्यकता से अवगत कराया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "आज ईरान के विदेश मंत्री आमिर-अब्दुल्लाहियन से बात की। पश्चिम एशिया की गंभीर स्थिति और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता पर चर्चा की।"
जयशंकर ने कहा, "(आमिर-अब्दुल्लाहियन को) संघर्ष को रोकने और मानवीय सहायता प्रदान करने के महत्व से अवगत कराया। संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई।"
जयशंकर ने शनिवार को इजराइल के विदेश मंत्री एली कोहेन से फोन पर बातचीत की थी।
हमास द्वारा सात अक्टूबर को इजराइली शहरों पर अप्रत्याशित हमले करने के बाद इजराइल गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई कर रहा है।
हमास आतंकवादियों ने इजराइल में लगभग 1,400 लोगों की हत्या कर दी और 220 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया। वहीं, गाजा के अधिकारियों के मुताबिक, इजराइल के जवाबी हमले में 9,000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)