विदेश की खबरें | भारतीय मूल की महिला ने एयर कनाडा को अपने पिता की मृत्यु के लिए जिम्मेदार ठहराया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भारतीय मूल की एक कनाडाई महिला ने आरोप लगाया है कि विमानन कंपनी एयर कनाडा की लापरवाही की वजह से दिल्ली से मॉन्ट्रियल के विमान में सवार उनके 83 वर्षीय पिता की मृत्यु हो गयी। एक खबर में यह जानकारी दी गयी।
ओटावा, छह नवंबर भारतीय मूल की एक कनाडाई महिला ने आरोप लगाया है कि विमानन कंपनी एयर कनाडा की लापरवाही की वजह से दिल्ली से मॉन्ट्रियल के विमान में सवार उनके 83 वर्षीय पिता की मृत्यु हो गयी। एक खबर में यह जानकारी दी गयी।
कनाडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (सीबीसी) की सोमवार की एक खबर के अनुसार ओंटारियो निवासी शानू पांडे सितंबर में अपने पिता हरीश पंत के साथ एयर कनाडा के विमान से दिल्ली से कनाडा के लिए रवाना हुई थीं।
खबर के अनुसार सात घंटे बाद जब विमान यूरोप के ऊपर था तो पंत को छाती में दर्द, कमर में दर्द, उल्टी आना और खड़े होने में असमर्थ होने जैसी समस्याएं शुरू हो गईं।
शानू ने विमानन कंपनी के चालक दल से विमान को उतारने की विनती की ताकि उनके पिता को किसी अस्पताल में भर्ती कराया जा सके।
हालांकि, विमान नौ घंटे से अधिक समय तक आयरलैंड, अटलांटिक महासागर और पूर्वी कनाडा के आसमान में उड़ान भरता हुआ मॉन्ट्रियल में उतरा, जहां चिकित्सा कर्मी इंतजार कर रहे थे। लेकिन इस दौरान पंत की मृत्यु हो गई।
दिल्ली से मॉन्ट्रियल की उड़ान करीब 17 घंटे का समय लेती है।
शानू के हवाले से अखबार ने लिखा, ‘‘मेरी आंखों के सामने उनकी हालत बिगड़ रही थी।’’
इस बीच एयर कनाडा ने यात्री की मृत्यु के लिए जिम्मेदार होने के किसी भी दावे को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है।
एयरलाइन के प्रवक्ता पीटर फिट्जपैट्रिक ने कहा कि चालक दल ने विमान में चिकित्सा आपात स्थिति से संबंधित प्रक्रियाओं का उचित तरीके से पालन किया।
हालांकि, जब उनसे प्रक्रियाओं की जानकारी देने को कहा गया तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)