देश की खबरें | भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत ब्रिटिश फिल्म ‘कैचिंग डस्ट’ से होगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को घोषणा की कि गोवा में 20 से 28 नवंबर तक चलने वाले 54वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई)की शुरुआत ब्रिटिश फिल्म ‘कैचिंग डस्ट’ के साथ होगी जबकि इसका समापन अमेरिकी फिल्म ‘द फेदरवेट’ के साथ होगा।

नयी दिल्ली, छह नवंबर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को घोषणा की कि गोवा में 20 से 28 नवंबर तक चलने वाले 54वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई)की शुरुआत ब्रिटिश फिल्म ‘कैचिंग डस्ट’ के साथ होगी जबकि इसका समापन अमेरिकी फिल्म ‘द फेदरवेट’ के साथ होगा।

मंत्री ने यहां आईएफएफआई की पत्रकार वार्ता में कहा कि तुर्किये की फिल्म ‘अबाउट ड्राई ग्रास’ को महोत्सव के बीच में दिखाया जाएगा।

ठाकुर ने कहा कि फिल्म निर्माण के लिहाज से भारत को दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म निर्माता माना जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत फिल्म के क्षेत्र में एक बड़ी ताकत के रूप में उभरा है।

मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले तीन साल में भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग ने सालाना 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। हमारा उद्योग नवाचार और रचनात्मकता के प्रतीक के रूप में खड़ा है, जो देश के हर कोने तक पहुंच रहा है और अब दुनिया के हर कोने तक पहुंच रहा है। यदि आपकी सामग्री में दम है, तो यह जल्दी ही क्षेत्रीय से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बन सकती है।’’

इस साल मंत्रालय ने महोत्सव में दिये जाने वाले पुरस्कारों के तहत एक नई श्रेणी की घोषणा की है जिसे एक वेब सीरीज को उसके कलात्मक कौशल, कहानी बयां करने के तरीके, तकनीकी दक्षता और उसके समग्र प्रभाव के आधार पर प्रदान किया जाएगा।

ठाकुर ने कहा कि देश में ओटीटी (ओवर द टॉप) प्लेटफार्म की संख्या और घरेलू सामग्री के उत्पादन, दोनों में वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत में हजारों घंटों से अधिक की सामग्री का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। यह सामग्री मनोरंजन का एक स्रोत भी है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हमने सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज ओटीटी पुरस्कार शुरू किया है।''

ठाकुर ने कहा कि 15 ओटीटी प्लेटफार्मों से 10 ओं में कुल 32 प्रविष्टियों को पहले सर्वश्रेष्ठ वेब श्रृंखला पुरस्कार के लिए चुना गया है। विजेता सीरीज के लिए प्रमाणपत्र और 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ‘गोल्डन पीकॉक पुरस्कार’ के लिए 15 फिल्मों के बीच होड़ है। यह पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ फिल्म को दिया जाता है और इसके तहत 40 लाख रुपये नकद दिये जाते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now