देश की खबरें | भारत, इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि की काफी संभावनाएं है: राष्ट्रपति मुर्मू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इतालवी कंपनियों को भारत में अपना परिचालन बढ़ाने के लिए आमंत्रित करते हुए शनिवार को कहा कि भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि की काफी संभावनाएं हैं।

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इतालवी कंपनियों को भारत में अपना परिचालन बढ़ाने के लिए आमंत्रित करते हुए शनिवार को कहा कि भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि की काफी संभावनाएं हैं।

मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ उनसे मिलने आए इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी का स्वागत करते हुए यह टिप्पणी की।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और इटली की जड़ें प्राचीन सभ्यतागत विरासत से जुड़ी हैं और दोनों देशों का ‘‘अपने दर्शन, साहित्य एवं कला’’ के माध्यम से दुनिया को योगदान देने का गौरवशाली इतिहास है।

उन्होंने कहा कि भारत और इटली व्यापार एवं लोगों तथा विचारों के आदान-प्रदान के माध्यम से सदियों से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

मुर्मू ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में वृद्धि की बहुत संभावना है।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘भारत की तीव्र आर्थिक वृद्धि और 2047 तक ‘विकसित भारत’ का खाका औद्योगिक साझेदारी और सहयोग के कई अवसर मुहैया कराते हैं।

उन्होंने इतालवी कंपनियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) को विशेष रूप से विनिर्माण और सह-उत्पादन के लिए भारत में अपने परिचालन का विस्तार करने के लिए आमंत्रित किया। मुर्मू ने इतालवी हरित प्रौद्योगिकी कंपनियों से भारतीय उद्योग के साथ सहयोग और साझेदारी की संभावनाओं को तलाशने का भी आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि नवंबर 2024 में रियो में प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बैठक के दौरान घोषित संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना अगले पांच वर्षों का खाका है।

मुर्मू ने कहा, ‘‘यह कार्य योजना हमारे संयुक्त प्रयासों को गति देने के लिए मार्गदर्शन करने वाला खाका होगी।’’

राष्ट्रपति के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुर्मू को यह जानकर खुशी हुई कि इतालवी विश्वविद्यालय और अनुसंधान केंद्र भारतीय भागीदारों के साथ सहयोग की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नयी शिक्षा नीति ने विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत में परिसर खोलने की सुविधा प्रदान की है।

मुर्मू ने कहा, ‘‘इतालवी विश्वविद्यालयों को भारत में परिसर खोलने के लिए आमंत्रित किया जा सकता है।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश वर्तमान युग में जी-20 जैसे बहुपक्षीय मंचों पर मिलकर काम करने के अलावा उभरती प्रौद्योगिकियों, नवोन्मेष और रक्षा के क्षेत्र में भी मिलकर काम कर रहे हैं।

बयान में कहा गया कि दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि आने वाले समय में भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान